पश्चिम बंगाल में समुद्र में लापता ट्रॉलर बरामद, नौ मछुआरों के शव मिले, छह की तलाश जारी
ईंट-पत्थर और रॉड से वार, 6 पुलिसकर्मी घायल
कोलकाता। महानगर के टैंगरा इलाके में सोमवार को उस वक्त भारी तनाव फैल गया, जब चोरी के मामले की जांच करने गई विधाननगर दक्षिण थाने की पुलिस टीम पर स्थानीय उपद्रवियों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में छह पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। विधाननगर दक्षिण थाना क्षेत्र के कई घरों में पिछले कुछ समय से लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं। पुलिस इन मामलों की जांच कर रही थी। जांच के सूत्रों का पीछा करते हुए आज दोपहर पुलिस की एक विशेष टीम टैंगरा कॉलोनी इलाके में छापेमारी करने पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों और घायल पुलिसकर्मियों के अनुसार, जैसे ही पुलिस की गाड़ी इलाके में दाखिल हुई, उपद्रवियों ने बिना किसी चेतावनी के हमला कर दिया।
पुलिस की गाड़ी को निशाना बनाकर भारी पत्थरबाजी (ईंट-वृष्टि) शुरू कर दी गई। भीड़ ने केवल पत्थर ही नहीं, बल्कि लाठी और लोहे की रॉड से भी पुलिसकर्मियों पर हमला किया। उपद्रवियों ने पुलिस की गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और वाहन को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। अचानक हुए इस हमले में गाड़ी में मौजूद सभी छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। जान बचाने के लिए पुलिस टीम को तुरंत वहां से पीछे हटना पड़ा। सभी घायलों को विधाननगर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, दो पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह हमला किसने और किसके इशारे पर किया। क्या यह हमला आदतन अपराधियों को बचाने के लिए सुनियोजित था?
पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के जरिए हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। घटना के बाद से टैंगरा इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों और अपराधियों को संरक्षण देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।