टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित
विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि घर के दो कमरे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए
कोलकाता। उत्तर 24 परगना जिले के राजारहाट इलाके में एक घर के भीतर हुए भीषण विस्फोट से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना शुक्रवार रात दक्षिण नारायणपुर के सुपारी बागान क्षेत्र में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कई लोगों के घायल होने की आशंका है, हालांकि अब तक किसी के मौत की पुष्टि नहीं हुई है।
सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना और राजारहाट थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि विस्फोट सुतली बम फटने से हुआ हो सकता है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए दोनों थानों की संयुक्त जांच जारी है। साथ ही घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले दो व्यक्ति किराये पर उस घर में रहने आए थे। शुक्रवार रात दो नाबालिग एक बैग लेकर घर में पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने घर के एक कमरे में बैग रखा और बाहर निकल गए। इसके कुछ ही देर बाद जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि घर के दो कमरे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बैग में क्या रखा था, इसकी जानकारी संभवतः उन दोनों नाबालिगों को भी नहीं थी।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोट का वास्तविक कारण क्या था, बैग में कौन-सी विस्फोटक सामग्री थी और इस घटना के पीछे किन लोगों का हाथ है। घनी आबादी वाले क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।