न्यूटाउन थाना पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया है
कोलकाता। न्यूटाउन में मंगलवार देर रात स्पीड का कहर देखने को मिला। यात्रागाछी खालदारइलाके में दो बाइकों की भीषण आमने-सामने की टक्कर में दो होनहार युवकों की जान चली गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर के बाद दोनों युवक बाइक से उछलकर कई फीट दूर जा गिरे। मृतकों की पहचान असित महतो और प्रणयदीप माझी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, असित महतो अपनी बाइक से खालदारमार्ग से गुजर रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे प्रणयदीप माझी की तेज रफ्तार बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। असित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खून से लथपथ प्रणयदीप को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। हादसे के कारणों की प्राथमिक जांच में दो मुख्य बिंदु सामने आए हैं। देर रात इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता काफी कम थी।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इस सड़क पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था न के बराबर है। अंधेरा होने के कारण तेज रफ्तार बाइकों को संभलने का मौका नहीं मिला। न्यूटाउन का यह हिस्सा सुरक्षा के लिहाज से पहले भी विवादों में रहा है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष अक्टूबर में इसी यात्रागाछी खालदारक्षेत्र से एक स्वर्ण व्यवसायी स्वप्न कमिल्ला का शव मिला था। अब इस सड़क हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है।
लोगों का कहना है कि यदि सड़क पर पर्याप्त रोशनी और गति अवरोधक होते, तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था। न्यूटाउन थाना पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि क्या युवकों ने हेलमेट पहने थे और क्या बाइकों की गति निर्धारित सीमा से अधिक थी। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिससे उनके घरों में कोहराम मचा हुआ है।