मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने प्रम्बानन मंदिर पुनरुद्धार परियोजना का शुभारंभ किया
ब्लू लाइन पर घंटों सेवाएं बाधित, दफ्तर से लौट रहे यात्री बेहाल
कोलकाता। महानगर की लाइफलाइन कही जाने वाली कोलकाता मेट्रो की ब्लू लाइन पर गुरुवार शाम एक बार फिर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रवींद्र सरोवर स्टेशन पर एक यात्री ने मेट्रो ट्रेन के सामने छलांग लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। इस घटना के कारण व्यस्त समय में मेट्रो सेवाएं बुरी तरह चरमरा गईं, जिससे दफ्तर से घर लौट रहे हजारों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मेट्रो रेलवे के सूत्रों के अनुसार, यह घटना शाम करीब 6 बजकर 46 मिनट पर रवींद्र सरोवर स्टेशन के डाउन प्लेटफॉर्म पर हुई। जैसे ही ट्रेन स्टेशन में प्रवेश कर रही थी, एक व्यक्ति ने पटरी पर छलांग लगा दी। आनन-फानन में लाइन की बिजली आपूर्ति (थर्ड रेल पावर) काट दी गई और बचाव कार्य शुरू किया गया। सुरक्षाकर्मियों ने घायल अवस्था में व्यक्ति को पटरियों से निकाला, जिसके बाद उसे अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल मेट्रो प्रशासन ट्रंकेटेड यानी खंडित सेवाओं का संचालन कर रहा है। अभी मैदान से दक्षिणेश्वर और महानायक उत्तम कुमार (टलीगंज) से शहीद खुदीराम स्टेशनों के बीच ही ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जबकि रवींद्र सदन से रवींद्र सरोवर के बीच सेवा पूरी तरह ठप है। इस घटना ने एक बार फिर ब्लू लाइन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां नवनिर्मित मेट्रो रूटों पर सुरक्षा दीवारें या पीएसडी (प्लेटफॉर्म स्क्रीन डोर्स) लगाए गए हैं, वहीं सबसे पुराने इस रूट पर ऐसी व्यवस्था न होने के कारण आत्महत्या के प्रयासों की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शाम के पीक ऑवर्स होने के कारण स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। घोषणाओं के माध्यम से यात्रियों को स्थिति की जानकारी दी जा रही है, जिसके चलते कई लोग स्टेशनों से बाहर निकलकर बस या अन्य परिवहन साधनों का सहारा लेने को मजबूर हैं। मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि पटरियों की जांच के बाद जल्द ही सेवाएं सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।