पश्चिम बंगाल सरकार ने यूसीसी मसौदे के अध्ययन के लिए नौ सदस्यीय समिति की अधिसूचित
टेंगरा हत्याकांड को लेकर शहर में काफी चर्चा है और अब अदालत की अगली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं
कोलकाता। कोलकाता के बहुचर्चित टेंगरा हत्याकांड में इस सप्ताह दो आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जाएगी। जांच से जुड़े एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि इस मामले में आरोपित दो भाइयों – प्रणय दे और प्रसून दे – पर अपने ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या और आत्महत्या का प्रयास करने का आरोप है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चार्जशीट में उनके नाबालिग बेटे के बयान को मुख्य साक्ष्य के तौर पर शामिल किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि टेंगरा के प्रतिष्ठित दे परिवार का बड़ा बेटा प्रणय दे जब अपने बेटे के साथ कार में सवार होकर बाइपास के पास आत्महत्या करने की कोशिश कर रहा था, तभी वह हादसे में घायल हुआ और उसे एनआरएस अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में ही पुलिस ने नाबालिग का बयान दर्ज किया, जिसे अब चार्जशीट में साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। इस तरह, पिता प्रणय दे और चाचा प्रसून दे के खिलाफ परिवार का यही बेटा अदालत में गवाही दे सकता है।
घटना 19 फरवरी की सुबह की है, जब प्रणय और प्रसून ने आत्महत्या की कोशिश के दौरान बाइपास पर मेट्रो रेल के एक पिलर से अपनी कार टकरा दी। कार में नाबालिग बेटा भी मौजूद था। इसके तुरंत बाद पुलिस ने टेंगरा स्थित उनके घर से प्रणय की पत्नी सुदेष्णा दे, प्रसून की पत्नी रोमी और उनकी बेटी प्रियांबदा के शव बरामद किए।
जांच में सामने आया कि दे परिवार की चर्म निर्माण और ग्लव्स निर्यात से जुड़ी कंपनी भारी आर्थिक संकट से गुजर रही थी। कारोबार में घाटा होने के कारण दोनों भाइयों पर आर्थिक दबाव काफी बढ़ गया था। इसी तनाव के चलते कथित तौर पर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस ने बताया कि नाबालिक ने भले ही अपनी मां, काकी और बहन को मरते नहीं देखा, लेकिन उन्हें खून से लथपथ हालत में कमरे में पड़ा देखा। उसने यह भी बताया कि उसके चाचा ने उसकी बहन प्रियांबदा की तरह उसे भी गला दबाकर मारने की कोशिश की थी। मगर योग में पारंगत होने के कारण उसने अपनी सांसें रोक लीं और किसी तरह बच निकला। इसके बाद उसके चाचा ने उसकी कलाई काटने की भी कोशिश की, लेकिन उसके पिता ने रोक दिया।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग के बयान से कई भ्रम दूर हुए और हत्या की साजिश से जुड़ी अहम जानकारियां हाथ लगीं। यही कारण है कि चार्जशीट में नाबालिग के बयान को महत्वपूर्ण गवाही के तौर पर शामिल किया जाएगा। इसके अलावा, दे परिवार के फैक्ट्री कर्मचारियों और रिश्तेदारों के भी बयान चार्जशीट में जोड़े जाएंगे।
सियालदह अदालत में इस सप्ताह चार्जशीट दाखिल होने की संभावना है। टेंगरा हत्याकांड को लेकर शहर में काफी चर्चा है और अब अदालत की अगली कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।