फीफा विश्व कप 2026: ब्राजील के स्टार खिलाड़ी नेमार जूनियर ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से लिया संन्यास
चुनाव से ठीक पहले विधायक विवेक गुप्ता द्वारा अपनी पूरी सैलरी मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करने का बढ़ चढ़कर प्रोपगंडा भी विवादों के घेरे में आ गया है
कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव की आहट करीब आते ही कोलकाता की ऐतिहासिक जोड़ासांको सीट पर सियासी संग्राम तेज हो गया है। मौजूदा विधायक विवेक गुप्ता जहां अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए डिजिटल मोर्चे पर सक्रिय हो गए हैं, वहीं उनके खिलाफ उठते विरोध के स्वर अब गलियारों से निकलकर सोशल मीडिया पर चक्कर काटने लगे हैं। क्षेत्र में चल रहे जोड़ासांको की राय एक, फिर चाहिए विवेक के नारे के जवाब में अब जनता के विवेक की एक ही पुकार, अबकी बार नया उम्मीदवार जैसे स्लोगन ने चुनावी चोसर को दिलचस्प बना दिया है।
सूत्रों के अनुसार, जोड़ासांको सीट पर इस बार उम्मीदवारी को लेकर खींचतान चरम पर है। केवल विपक्ष ही नहीं, बल्कि पार्टी के भीतर से भी सात कद्दावर नेताओं ने अपनी दावेदारी पेश कर दी है। इनमें एक पूर्व विधायक की सक्रियता ने समीकरणों को और उलझा दिया है। तृणमूल कांग्रेस के भीतर से उठ रही इन आवाजों ने नेतृत्व के सामने चेहरा बदलने या पुराने पर दांव खेलने की बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। दावेदारों में शामिल कृष्ण प्रताप सिंह ने मौजूदा विधायक की सक्रियता पर तंज कसते हुए कहा है कि अब पछतावत होत क्या जब चिडिय़ा चुग गई खेत, जो साफ दर्शाता है कि पार्टी के भीतर असंतोष की जड़ें गहरी हैं। चुनाव से ठीक पहले विधायक विवेक गुप्ता द्वारा अपनी पूरी सैलरी मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करने का बढ़ चढ़कर प्रोपगंडा भी विवादों के घेरे में आ गया है। तृणमूल के ही पार्षद महेश शर्मा ने इसे चुनावी स्टंट करार दिया है। भाजपा पार्षद मीना देवी पुरोहित और विजय ओझा ने इस दावे की जमीनी हकीकत पर सवाल उठाए हैं। वहीं, तृणमूल कांग्रेस के ही एक वर्ग ने उन्हें दर्शन धारी विधायक की संज्ञा देते हुए आरोप लगाया है कि वे केवल प्रचार तक सीमित रहे हैं, जबकि क्षेत्र की जनता वास्तविक विकास कार्य ढूंढ रही है।
जोड़ासांको की राजनीति में फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि क्या पार्टी नेतृत्व अपने मौजूदा विधायक पर फिर से भरोसा जताएगा या फिर क्षेत्र में व्याप्त असंतोष को देखते हुए किसी नए चेहरे को मौका दिया जाएगा। जिस तरह से एक ओर भाजपा हमलावर है और दूसरी ओर पार्टी के अंदरूनी गुट सक्रिय हैं, उससे स्पष्ट है कि आने वाले दिनों में यह सीट राज्य की सबसे चर्चित हॉट सीटों में से एक होने वाली है।
बारुईपुर नाबालिग हत्याकांड पर विधायक रत्ना देवनाथ का तीखा बयान, पूर्व सरकार पर साधा निशाना