वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
उल्टाडांगा में महिला समेत पांच गिरफ्तार, एक करोड़ की ड्रग्स बरामद
कोलकाता। एसटीएफ ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। उल्टाडांगा इलाके में की गई एक साहसिक छापेमारी के दौरान एसटीएफ ने एक ऐसी महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो हुलिए से किसी साधारण कामकाजी महिला जैसी दिखती थी, लेकिन उसके बैग में करोड़ों रुपये का काला कारोबार छिपा था। इस कार्रवाई में एसटीएफ ने कुल पांच तस्करों को दबोचा है और बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। पकड़ी गई महिला की पहचान 42 वर्षीय आसमा खातून के रूप में हुई है।
एसटीएफ सूत्रों के अनुसार, आसमा ने पुलिस को चकमा देने के लिए एक साधारण महिला का वेश धारण कर रखा था। साड़ी और स्वेटर पहने तथा हाथ में वैनिटी बैग लिए वह उल्टाडांगा स्टेशन पर उतरकर कार्यालय जाने वाले यात्रियों की भीड़ में इस तरह घुल-मिल गई कि किसी को शक न हो। वह कैनाल वेस्ट रोड स्थित एक संदिग्ध मकान में दाखिल होने ही वाली थी कि पहले से जाल बिछाकर बैठी एसटीएफ की टीम ने उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान महिला के वैनिटी बैग से 1.325 किलोग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद हुआ। जांचकर्ताओं के अनुसार, यह गिरफ्तारी 25 जनवरी को निमता इलाके में हुई कार्रवाई की अगली कड़ी है। उस दौरान चार तस्करों को भारी मात्रा में नशीले पाउडर के साथ पकड़ा गया था। उन्हीं से मिली जानकारी के आधार पर उल्टाडांगा में इस जाल को बिछाया गया था। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि यह महिला एक बड़े अंतर-जिला ड्रग्स रैकेट का हिस्सा है। एसटीएफ अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह यह खेप किसे सौंपने आई थी और इस नेटवर्क के तार किन बड़े सरगनाओं से जुड़े हैं।
पुलिस को अंदेशा है कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में ड्रग्स की अवैध सप्लाई बढ़ाने की योजना बनाई जा रही है, जिसे विफल करने के लिए एसटीएफ लगातार छापेमारी कर रही है।