वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
नौशाद सिद्दीकी का विमान बसु को पत्र
कोलकाता। बंगाल की राजनीति में एक बार फिर गठबंधन की सुगबुगाहट तेज हो गई है। आईएसएफ (इंडियन सेक्युलर फ्रंट) के चेयरमैन और भांगड़ से विधायक नौशाद सिद्दीक़ी ने वामफ्रंट चेयरमैन विमान बसु को पत्र लिखकर साफ संदेश दिया है समय नष्ट न करें, जल्दी से गठबंधन की प्रक्रिया शुरू हो। नौशाद ने अपने पत्र में कहा है कि 2026 विधानसभा चुनाव को देखते हुए तृणमूल और भाजपा विरोधी मोर्चे को मजबूत करना वक्त की मांग है। उन्होंने 2021 की तरह फिर से सीपीएम, कांग्रेस और आईएसएफ के बीच संयुक्त मोर्चा बनाने की अपील की है। साथ ही इस बार कुछ सामाजिक संगठनों को भी जोडऩे का सुझाव दिया है।
गौरतलब है कि 2021 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और वाम दलों को एक भी सीट नहीं मिली थी, जबकि आईएसएफ को उल्लेखनीय सफलता मिली और नौशाद विधायक बने। उस चुनाव में विमान बसु ने ही संयुक्त मोर्चे के गठन की पहल की थी। माना जा रहा है कि इस बार भी यदि गठबंधन बनता है, तो उनकी अगुवाई में ही बनेगा। हालांकि, लोकसभा चुनाव के दौरान आईएसएफ ने वाम दलों से दूरी बना ली थी। उस वक्त नौशाद ने इसका ठीकरा सीपीएम पर फोड़ा था। मुर्शिदाबाद में उम्मीदवारों को लेकर विवाद के बाद उन्होंने साफ कह दिया था कि वे गठबंधन में चुनाव नहीं लड़ेंगे। लेकिन पिछले साल हाड़ोआ उपचुनाव में दोनों दल फिर साथ आए। वहां आईएसएफ प्रत्याशी के लिए सुझन चक्रवर्ती और बिकाशरंजन भट्टाचार्य जैसे वाम नेता प्रचार करने पहुंचे। अब नजऱें टिकी हैं अलिमुद्दिन स्ट्रीट (सीपीएम दफ्तर) पर—देखना है कि विमान बसु और उनकी टीम नौशाद के इस पत्र पर कब और कैसा जवाब देती है।