उलुबेरिया थाने की पुलिस पूरी घटना की जांच में जुट गई है
उलुबेरिया। आम लोगों की मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं लेकिन अगर चोर पुलिस की मोटरसाइकिल चुराकर खुद पुलिस अधिकारी के सामने से ही भाग जाए तो? ऐसी ही एक सनसनीखेज घटना हावड़ा के उलुबेरिया में घटी। बाइक चोरी की तस्वीर पुलिस द्वारा लगाये गये सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गयी है। चोर के दुस्साहस से पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। हालांकि पुलिस अभी तक आरोपियों का पता नहीं लगा पाई है चोरी गई बाइक भी बरामद नहीं हो सकी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एएसआई सहदेव पाल सोमवार को उलुबेरिया के ओटी रोड के बाजारपाड़ा भक्ता मोड़ इलाके में रोजाना की तरह ट्रैफिक कंट्रोल ड्यूटी कर रहे थे। पुलिस द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरे के सामने एएसआई की मोटरसाइकिल रखी हुई थी। एक बदमाश उस बाइक को लेकर भाग गया, पहले तो काम में व्यस्त होने के कारण एएसआई को इस बात का ध्यान ही नहीं आया। अचानक उसने देखा कि उसकी बाइक उसके पास नहीं है बाइक की तलाश शुरू हो गई। सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान बाइक चोरी की बात सामने आई। हालांकि, स्थानीय निवासियों ने शिकायत की कि उलुबेरिया इलाके में आम लोगों की बाइकें अक्सर चोरी हो जाती हैं। अधिकांश मामलों में पुलिस चोरी की बाइक बरामद नहीं कर पाती है। इस बीच ट्रैफिक पुलिस में कार्यरत एक एएसआई की बाइक चोरी की घटना पर स्थानीय लोग सवाल उठा रहे हैं। उलुबेरिया थाने की पुलिस पूरी घटना की जांच में जुट गई है।