टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित
क्या लिव-इन पार्टनर से रिश्तों में तनाव बना वजह?
कोलकाता। न्यूटाउन के चंडीबेडिय़ा स्थित एक आवासीय परिसर में 25 वर्षीय तृषा साहा की रहस्यमयी मौत का मामला गहराता जा रहा है। फ्लैट से तृषा का फंदे से लटका शव और उनके लिव-इन पार्टनर सौविक रॉय के गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिलने के बाद पुलिस हर संभावित कोण से जांच में जुटी है। शुरुआती जांच में पुलिस दोनों के निजी संबंधों में उपजे तनाव या अनबन को इस दुखद घटना का कारण मानकर जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस के अनुसार, बैरकपुर निवासी तृषा और नैहाटी के सौविक की पहचान कोलकाता में नौकरी के दौरान हुई थी। पिछले चार-पांच महीनों से दोनों न्यूटाउन के इस किराए के फ्लैट में लिव-इन में रह रहे थे। रविवार रात फ्लैट मालिक को सौविक ने फोन कर तृषा की आत्महत्या की जानकारी दी। बाद में जब दरवाजा खुला तो सौविक हाथ की नस कटी स्थिति में खून से लथपथ पड़े मिले, जबकि कमरे में तृषा का शव लटका हुआ था।
फ्लैट मालिक और पड़ोसियों का कहना है कि दोनों के बीच कभी किसी बड़े विवाद की आवाज नहीं सुनी गई। फिलहाल सौविक का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनके बयान के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। न्यूटाउन थाना पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स और फॉरेंसिक साक्ष्यों के जरिए यह गुत्थी सुलझाने की कोशिश कर रही है कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है।