तारातला हादसे में पूर्व मेयर फिरहाद एवं दो पार्षदों के नाम शिकायत दर्ज; मरने वालों की संख्या हुई 17
'बेटी की हत्या और मुझपर एसिड अटैक, शोभन पर रेप की साजिश रची गई'
कोलकाता। बंगाल की राजनीति में सत्ता परिवर्तन के बाद से ही सियासी बयानबाजियों और गंभीर आरोपों का दौर तेज हो गया है। इसी कड़ी में पूर्व मेयर शोवन चट्टोपाध्याय की करीबी सहयोगी वैशाखी बनर्जी ने तृणमूल के खिलाफ बेहद विस्फोटक और सनसनीखेज आरोप लगाकर राज्य के राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है। एक समाचार चैनल को दिए विशेष इंटरव्यू में वैशाखी ने दावा किया कि उनके और शोवन के खिलाफ टीएमसी के एक धड़े द्वारा बेहद खौफनाक साजिशें रची जा रही थीं, जिसमें उनकी मासूम बेटी की हत्या करने और खुद उन पर एसिड से हमला करवाने जैसी खौफनाक योजनाएं शामिल थीं।
वैशाखी बनर्जी ने अतीत के पन्नों को पलटते हुए उस भयावह घटना का जिक्र किया जब उन्हें इस साजिश की भनक लगी थी। उन्होंने बताया कि एक बार जब वह शोवन चट्टोपाध्याय के साथ बाहर खाना खाने गई थीं, तब उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से संदेश आया। जब उन्होंने उस नंबर पर संपर्क किया, तो दूसरी तरफ से बात कर रहे व्यक्ति ने खुद को उनकी ही एक महिला सुरक्षाकर्मी का पति बताया। वैशाखी का आरोप है कि उसी फोन कॉल पर उन्हें आगाह किया गया था कि उनकी बेटी की जान लेने और उनके चेहरे पर एसिड फेंककर उन्हें हमेशा के लिए बर्बाद करने के लिए बाकायदा सुपारी (कॉन्ट्रैक्ट) दी गई थी। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी दावा किया कि शोवन चट्टोपाध्याय के राजनीतिक और सामाजिक जीवन को खत्म करने के लिए उन्हें एक झूठे बलात्कार के मामले में फंसाने की भी पूरी तैयारी कर ली गई थी।
इंटरव्यू के दौरान वैशाखी बनर्जी के निशाने पर तृणमूल के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री फिरहाद हाकिम सीधे तौर पर रहे। उन्होंने फिरहाद हाकिम पर व्यक्तिगत दुश्मनी और धमकी देने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक समय फिरहाद हाकिम ने मुझे खुलेआम धमकी दी थी कि वह मुझे कॉलेज से उखाड़ कर फेंक देंगे। लेकिन आज समय का चक्र घूम चुका है और राज्य की जनता ने खुद उनकी पार्टी को कई जगहों से पूरी तरह उखाड़ फेंका है। हालांकि वैशाखी ने इस साजिश के पीछे शामिल अन्य चेहरों के नामों का सीधे तौर पर खुलासा नहीं किया, लेकिन उन्होंने संकेतों में साफ कर दिया कि तृणमूल के भीतर एक प्रभावशाली गुट उनके और शोवन के पीछे हाथ धोकर पड़ा हुआ था।