उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए सजग रहें
कोलकाता। चुनाव की दहलीज पर खड़े राज्य में सियासी बयानबाजी का पारा अपने चरम पर पहुंच गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने तृणमूल और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बंगाल में व्याप्त भय के वातावरण और कथित राजनीतिक आतंक को केवल केंद्रीय सुरक्षा बलों के भरोसे खत्म नहीं किया जा सकता; इसके लिए अब राज्य की जनता को खुद साहस जुटाकर सड़क पर उतरना होगा। अधीर चौधरी ने विशेष रूप से मतदाता सूची के संशोधन (एसआईआर) की प्रक्रिया को लेकर मुख्यमंत्री को आड़े हाथों लिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरी प्रक्रिया में जो विसंगतियां और परेशानियां सामने आ रही हैं, उसकी सीधी जिम्मेदार खुद ममता बनर्जी हैं। कांग्रेस नेता का दावा है कि सीएम और निर्वाचन आयोग के बीच कथित तालमेल के कारण ऐसी स्थितियां पैदा की गई हैं, जिससे आम मतदाताओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। अधीर चौधरी ने एक गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के बहाने योजनाबद्ध तरीके से मतदाताओं के नाम सूची से गायब किए जा रहे हैं। इस संदर्भ में उन्होंने राहुल गांधी का हवाला देते हुए याद दिलाया कि कांग्रेस नेतृत्व पहले ही इस संभावित खतरे के प्रति चेतावनी दे चुका है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए सजग रहें।