लोगों को सतर्क रहने और मौसम की अपडेट पर नजऱ बनाए रखने की सलाह दी गई है
कोलकाता। बंगाल के ऊपर बना गहरा निम्नचाप बंगाल के मौसम को पूरी तरह से प्रभावित करने जा रहा है। अलीपुर मौसम विभाग के मुताबिक, यह निम्नचाप इस समय बांग्लादेश, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों के ऊपर सक्रिय है। अगले 24 घंटे में इसके गंगा-पश्चिम बंगाल होते हुए उत्तरी ओडिशा और झारखंड की ओर बढऩे की संभावना है। इसका असर दक्षिण बंगाल के कई जि़लों में दिखेगा। अगले 24 घंटों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं, जबकि कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।
ताजा टीवी से बात करते हुए मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार को पुरुलिया, बांकुड़ा और दक्षिण 24 परगना में भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं, उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी में भी बारिश का अनुमान है। जबकि रविवार को दक्षिण बंगाल के नदिया, मुर्शिदाबाद सहित कई जि़लों में तेज़ बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कालिम्पोंग में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। जबकि कोलकाता में 40-50 किलोमीटर की रफ्तार से हवा के साथ तेज बारिश की संभावना शनिवार व रविवार को हैं। मौसम विभाग ने 25 से 29 जुलाई तक उत्तर और मध्य बंगाल की खाड़ी, साथ ही बंगाल और ओडिशा के तटीय इलाकों में तेज़ हवाएं चलने की चेतावनी दी है। समुद्र में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। ऐसे में मछुआरों को इस दौरान गहरे समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। वीकेंड पर बारिश के कारण बाहर निकलने के प्लान पर असर पड़ सकता है। लोगों को सतर्क रहने और मौसम की अपडेट पर नजऱ बनाए रखने की सलाह दी गई है।