ममता ने पलटवार करते हुए कहा कि ज़रूरत पड़े तो फिर मारूँगी
कोलकाता। खडग़पुर में बीजेपी की आंतरिक लड़ाई सड़क पर आ गई। आरोप है कि पार्टी दफ़्तर में ही वार्ड 31 की पार्षद और बीजेपी नेत्री ममता दास ने पार्टी के सक्रिय नेता अशोक सिंह को जूतों से पीट दिया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।
वीडियो में दिखाई देता है कि अशोक रोकने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन ममता दो बार उन्हें जूते से मारती हैं। जवाब में अशोक भी जूता उठाते हैं, लेकिन कैमरा देखकर रोक जाते हैं। वीडियो में अशोक कहते नजऱ आ रहे हैं, देखिए, मुझे चप्पल से कैसे मारा जा रहा है, मैं अभी पुलिस बुलाता हूँ।
अशोक का आरोप है कि पार्षद ने एक चाउमिन दुकान लगाने वाले स्थानीय निवासी से 10,000 रुपये की माँग की थी। उन्होंने इसका विरोध किया तो ममता दास ने पार्टी कार्यालय में आकर हमला कर दिया। अशोक ने पार्षद के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराने और पार्टी नेतृत्व को रिपोर्ट देने की बात कही है। उधर, पार्षद ममता दास का कहना है कि अशोक ने पहले उन पर हाथ उठाया और गालियाँ दीं।
ममता ने पलटवार करते हुए कहा कि ज़रूरत पड़े तो फिर मारूँगी। अशोक कोई बीजेपी नेता नहीं, समाजविरोधी है। न बीजेपी उसे मानती है, न तृणमूल। वायरल वीडियो पर पश्चिम मेदिनीपुर जि़ला बीजेपी नेतृत्व असहज है। पार्टी के वरिष्ठ नेता अरूप दास ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि बीजेपी अनुशासित दल है, तृणमूल की तरह अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वीडियो की सत्यता की जाँच कर कार्रवाई होगी। इधर, तृणमूल कांग्रेस ने भी मौका नहीं छोड़ा। जि़ला अध्यक्ष सुजॉय हाजऱा ने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी नेताओं के बीच तोलाबाज़ी (वसूली) को लेकर झगड़ा हुआ है। यही उनकी असली संस्कृति है।