वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को आवश्यक चिकित्सा उपाय करने के भी निर्देश दिए हैं
कोलकाता। बीसी राय शिशु अस्पताल में एडिनोवायरस से छह और बच्चों की मौत हो गई। इसे लेकर पिछले दो महीनों में राज्य में इस जानलेवा वायरस से अनाधिकारिक तौर पर 94 बच्चों की मौत हो चुकी है। अकेले बीसी राय शिशु अस्पताल में अब तक 39 बच्चों की मौत हो चुकी है। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कालेज अस्पताल में एडिनोवायरस से 25 बच्चों की मौत की खबर है। उन अस्पतालों में आइसीयू नहीं मिल पा रहे हैं। बंगाल में एडिनोवायरस को लेकर सियासत शुरू हो गई है।
बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजुमदार ने कहा कि राज्य में तृणमूल कांग्रेस की सरकार बनने के बाद शिशु मृत्यु दर में तेजी आई है। मां की गोद सूनी हो रही हैं लेकिन राज्य सरकार का इसपर कोई ध्यान नहीं है। वहीं माकपा की केंद्रीय कमेटी के सदस्य सुजन चक्रवर्ती ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति बदहाल है। सरकार को अविलंब इसे दुरुस्त करने के लिए ठोस कदम उठाना चाहिए। दूसरी तरफ बंगाल के शहरी विकास मंत्री व कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने कहा कि राज्य सरकार एडिनोवायरस को लेकर पूरी तरह सतर्क है और सभी जरूरी कदम उठा रही है। इस बीच कोलकाता समेत पूरे बंगाल में बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने आने वाले दिनों में एडिनोवायरस का प्रकोप कम होने की उम्मीद जताई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि बच्चों में सांस संबंधी सभी समस्याओं को एडिनोवायरस से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पिछले दिनों आपात बैठक कर एडिनोवायरस को लेकर एडवाइजरी जारी की थी। सभी सरकारी व निजी अस्पतालों में कोरोना अलर्ट की तर्ज पर स्पेशल यूनिट खोलने को कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को आवश्यक चिकित्सा उपाय करने के भी निर्देश दिए हैं।
एडवाइजरी में कहा गया है कि सभी मेडिकल कालेज, जिला अस्पताल व ब्लाक स्तर के अस्पतालों के बाल चिकित्सा विभाग 24 घंटे खुले रहेंगे। आउटडोर विभाग पर दबाव घटाने के लिए अलग पेडिएट्रिक एआरआइ क्लीनिक खोले जाएंगे। ये भी 24 घंटे खुले रहेंगे। बाल रोग संबंधी कोई भी मामला अस्पताल अधीक्षक की अनुमति के बिना रेफर नहीं किया जा सकेगा। एडवाइजरी में सभी अस्पतालों को वेंटीलेटर्स तैयार रखने का निर्देश दिया गया है।