ऑफिस समय में इस तरह की समस्या होने की वजह से यात्रियों में नाराजगी है
कोलकाता। सप्ताह के पहले दिन सोमवार को पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल में लोकल ट्रेनों का परिचालन बाधित होने की वजह से दफ्तर जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हुई है। पूर्व रेलवे के सूत्रों ने बताया है कि नैहटी रेलवे स्टेशन पर सिगनलिंग को लेकर तकनीकी समस्या हुई है जिसकी वजह से ट्रेनों का परिचालन सामान्य तरीके से नहीं हो पा रहा। सियालदह मेन शाखा में कई लोकल ट्रेनें काफी देरी से चल रही हैं। खासतौर पर सियालदह नैहटी और नैहटी बैंडेल के बीच लोकल ट्रेनों की आवाजाही बाधित है। ऑफिस समय में इस तरह की समस्या होने की वजह से यात्रियों में नाराजगी है।
रेलवे सूत्रों ने बताया कि सुबह 6:00 बजे के करीब नैहटी स्टेशन पर सिगनलिंग व्यवस्था में समस्या सामने आई। सुबह 8:50 बजे के करीब इसकी आंशिक मरम्मत की गई लेकिन सिगनलिंग दुरुस्त नहीं होने की वजह से ट्रेनों का परिचालन सामान्य नहीं हो पाया है। इसकी वजह से सात दूरगामी ट्रेनें और 20 लोकल ट्रेनों का परिचालन बाधित हुआ है। अधिकतर ट्रेन समय से डेढ़ से दो घंटे देर चल रही हैं जिसके कारण दफ्तर जाने वाले नियमित यात्रियों को परेशानी हुई है। हालांकि मरम्मत की कोशिश लगातार हो रही है।