जगन्नाथ की लीला कथा, पूजा, कीर्तन, सांस्कृतिक दैनिक कार्यक्रम, नाटक आदि का मंचन किया जाएगा। लिहाजा पूरे शहर में खुशी का माहौल बना हुआ है
सिलीगुड़ी। देश के साथ-साथ सिलीगुड़ी के इस्कॉन मंदिर में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा की धूम मंगलवार को देखी गयी। सिलीगुड़ी के इस्कॉन मंदिर से 34 वीं भव्य रथयात्रा निकाली गयी। सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर गौतम देव, वार्ड पार्षद मुन्ना प्रसाद (राजेश) सहित कई गणमान्य लोगों ने सड़क पर झाड़ू लगाकर और रस्सी खींचकर रथयात्रा का शुभारंभ किया।
इस्कॉन मंदिर प्रबंधक कमेटी के जनसंपर्क अधिकारी नामकृष्ण दास ने बताया कि भगवान जगन्नाथ, बलराम और सुभद्रा की सबसे पहले मंदिर परिसर में पूजा- अर्चना की गयी। मंत्रोच्चारण के बीच इन्हें रथ पर सवार किया गया। इसके बाद इस्कॉन मंदिर परिसर से रथयात्रा निकाली गयी है। रथयात्रा शहर के विभिन्न हिस्सों का परिक्रमा करते हुए सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 23 स्थित सूर्यनगर मैदान में जगन्नाथ देव की मासी के घर पहुंचेंगे। जहां अगले 8 दिनों तक आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें जगन्नाथ की लीला कथा, पूजा, कीर्तन, सांस्कृतिक दैनिक कार्यक्रम, नाटक आदि का मंचन किया जाएगा। लिहाजा पूरे शहर में खुशी का माहौल बना हुआ है।