विभाग के अनुसार जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश हो सकती है तथा आठ जुलाई को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है
नई दिल्ली। देश भर में सक्रिय मानसून का असर दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार से पांच दिनों में पूरे उत्तर भारत में बारिश होने की संभावना है। विभाग के अनुसार जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश हो सकती है तथा आठ जुलाई को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है जबकि दस और 11 जुलाई को भी इन क्षेत्रों में झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक पंजाब, हरियाणा में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। दिल्ली में भी अगले तीन दिनों तक मध्यम बारिश का दौर देखने को मिलेगा। इसी तरह राजस्थान, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भी एक दो स्थानों पर भारी बारिश देखने को मिलेगी।
अब बात दक्षिणी प्रायद्वीप की करें तो यहां तमिलनाडु, केरल में अगले दो दिनों तक एक दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, गोवा, कर्नाटक में 12 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। 10 जुलाई के बाद महाराष्ट्र में बारिश के दौर में कमी आएगी। गुजरात में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है। इसके लिए यहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, साथ ही आठ जुलाई यानी शनिवार के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।