घटना के बाद पुंडीबारी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपित पति की तलाश शुरू कर दी है।
कूचबिहार। एक शिक्षक पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप लगा है। घटना जिले के पुंडीबारी थाना क्षेत्र के बांसदाह इलाके की है। मृतक का नाम रिम्पा सरकार (20) है। वहीं, आरोपित का नाम उत्तम मंडल है। वह प्राथमिक विद्यालय का शिक्षक है।
बताया जा रहा है कि करीब दो साल पहले उत्तम मंडल के साथ रिम्पा सरकार की शादी हुई थी। शादी के बाद उत्तम कथित तौर पर पत्नी को प्रताड़ित किया करता था जिससे तंग आकर रिम्पा अपनी मां के घर चली आई थी। जहां वह वर्तमान में रह रही है। बाद में रिम्पा के पति उत्तम मंडल भी उसी के साथ रहने बीच - बीच में ससुराल जाने लगे।
बताया जा रहा है कि बीती रात दोनों ने एक साथ खाना खाया और अपने कमरे में सोने चले गए। आज सुबह परिवार ने देखा की कमरे के बाहर ताला लटका हुआ है। जिसके बाद परिवार ने ताला तोड़कर कमरे में प्रवेश किया तो देखा रिम्पा का शव कंबल और तकिए से ढका हुआ बिस्तर पर पड़ा हुआ है और उत्तम गायब है। परिजनों का आरोप है कि उत्तम रात में ही रिम्पा की हत्या कर फरार हो गया। घटना के बाद पुंडीबारी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपित पति की तलाश शुरू कर दी है।