इस घटना से स्कूली बच्चे सहम गए। उन्हें सुरक्षित अपने घर भेजा गया
पटना। बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक बस में अचानक आग लग गई। स्कूल बस में 12 से 15 बच्चे सवार थे। आग लगने से उनकी जान आफत में आ गई। यह घटना जीरो माइल अगमकुआं बायपास पर हुई। आग लगने से मौके पर अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में ड्राइवर और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बस के अंदर बैठे स्कूली बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
बायपास पर स्थित चाय दुकानदार शंकर कुमार ने बताया कि पहले बस में हल्की आग लगी। बस ड्राइवर ने बालू के जरिए आग को बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें बढऩे लगीं। तभी सभी बच्चों को बस से बाहर निकाला गया। देखते ही देखते आग ने पूरी स्कूल बस को अपनी चपेट में ले लिया। कई बच्चों के स्कूल बैग बस में ही रह गए और जलकर राख हो गए। बस से निकालने के बाद बच्चों को रोड के दूसरी तरफ ले जाया गया। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना अग्निशमन की टीम मौके पर पहुंची और आग को बुझाने के प्रयास किए। अग्निशमन विभाग की दो बड़ी और एक छोटी गाड़ी की मदद से आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। इस घटना से स्कूली बच्चे सहम गए। उन्हें सुरक्षित अपने घर भेजा गया।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दी श्रद्धांजलि