सीएम ममता ने रविवार को उत्तर 24-परगना जिले की एक चुनावी रैली में पीएम मोदी पर आरोप लगाया था कि वह संदेशखाली के बारे में लगातार झूठ फैला रहे हैं
कोलकाता। संदेशखाली गांव में एक बार फिर हंगामा हुआ है। यहां बीती रात एक नाबालिग लड़की के यौन उत्पीडऩ की कोशिश की गई है। जिस समय ये घटना हुई, उस समय लड़की अपने घर में अकेली थी। संदेशखाली के झूपखाली इलाके में एक नाबालिग लड़की के साथ यौन उत्पीडऩ की कोशिश हुई है। शिकायत नाबालिग के परिवार ने दर्ज कराई है।
आरोप है कि 18 तारीख की रात नाबालिग घर पर अकेली थी। इसी दौरान घर के पीछे से 22 साल का एक स्थानीय युवक विष्णु पदो प्रमाणिक घर में घुस आया। नाबालिग डर के मारे चिल्लाई तो आरोपी ने उसकी आवाज बंद करने के लिए उसे डराया और फिर उसके हाथों पर नाखून मारकर भाग गया।
पीडि़त के परिवार ने आज आरोप दर्ज करवाए हैं। देर रात पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साल की शुरुआत में संदेशखाली नाम काफी चर्चा में रहा क्योंकि यहां पहले ईडी की टीम पर हमले हुए और बाद में यहां की महिलाओं ने उनके साथ यौन उत्पीडऩ और रेप के आरोप लगाए। इसके बाद पीडि़त महिलाओं ने आंदोलन भी किया। इस मामले की जांच कलकत्ता हाईकोर्ट की ओर से सीबीआई को सौंपी गई और फिर मुख्य अभियुक्त और तृणमूल कांग्रेस नेता शाहजहां शेख़ और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया। ये मुद्दा केवल यहां की महिलाओं तक ही सीमित नहीं रहा बल्कि देशभर में इस मुद्दे की चर्चा हुई और इसने एक सियासी रूप अख्तियार कर लिया। बीजेपी और टीएमसी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। एक तरफ बीजेपी इस मुद्दे को लेकर टीएमसी पर आरोप लगाती है, वहीं टीएमसी इसे सुनियोजित हमला बताती है। सीएम ममता ने रविवार को उत्तर 24-परगना जिले की एक चुनावी रैली में पीएम मोदी पर आरोप लगाया था कि वह संदेशखाली के बारे में लगातार झूठ फैला रहे हैं।