फिरहाद हकीम ने कहा कि अगर कहीं रेस्टोरेंट पूरी तरह से छत पर चारो ओर ऑपरेट है तो उसका परमिशन हम लोग रद्द कर सकते हैं
कोलकाता। कोलकाता में अवैध मकानों पर नगर निगम की टेढ़ी नजर है। साथ ही नए मकानो को दस्तावेजों के साथ ही हरी झंडी देने का हुक्म जारी किया जा रहा है । वहीं दूसरी ओर मेयर फिरहाद हकीम ने स्पष्ट रूप से कहा है कि अवैध मकान कोई ना बनाएं इसके लिए होर्डिंग लगाएंगे जो होर्डिंग विभिन्न क्रॉसिंग पर दिखेगी। इसमें बांग्ला बाड़ी की समस्त जानकारी अंकित रहेगी। टॉक टू मेयर कार्यक्रम के दौरान फिरहाद हकीम ने बताया कि जो भी व्यक्ति अवैध मकान से जुड़ा होगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। और तो और जिन मकानों को निगम की तरफ से ध्वस्त कर दिए गए हैं अगर फिर वहां अवैध मकान बनाने की कोशिश की गई तो उसे जेल भी जाना पड़ सकता है।
साथ ही उन्होंने कहा कि कोलकाता नगर निगम की तरफ से कमर्शियल बिल्डिंग की छत पर चल रहे रेस्टोरेंट की समुचित जांच की जाएगी।जहां कमर्शियल रूप से रेस्टोरेंट होटल चल रहे हैं वहां रेस्क्यू के लिए कोई जगह बची है कि नहीं इसकी जांच होगी। और इसकी रिपोर्ट दमकल विभाग के साथ शेयर की जाएगी। उन्होंने बताया कि अगर रेस्क्यू के लिए जगह नहीं होगी तो छत पर होटल का परमिशन नगर निगम की तरफ से देना मुश्किल है। उन्होंने बताया कि स्टीफन कोर्ट में जब आग लगी थी उसे वक्त छत का गेट बंद था उसमें ताला लगा हुआ था। अगर वह शेयर किया जाता तो निश्चित तौर पर जान बच सकती थी। इस तरह से मैंने सुना है कि एक्रोपोलिस मॉल में भी छत का कितना इस्तेमाल किया गया यह जांच का प्रश्न है।
उन्होंने अभी कहा कि पिछले दिनों पार्क स्ट्रीट में पार्क पॉइंट में जिस रेस्टोरेंट में आग लगी थी वहां रेस्क्यू की कितनी जगह बची थी इसकी जांच की जा रही है। महानगर में बहुत सारी बिल्डिंग के छतों पर रेस्टोरेंट चल रहे हैं। खुलेआम हुक्का बार भी चल रहे हैं। हम लोगों ने हुक्का बार पर अंकुश लगाने की कोशिश की थी लेकिन हाई कोर्ट से हमें झटका मिला जिसके बाद उससे संबंधित हुकुम को वापस लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि नगर निगम अधिकारी सभी कमर्शियल बिल्डिंग में जाकर छतों की जांच करेंगे और देखेंगे कि अगर वहां पर किसी प्रकार का कोई रेस्टोरेंट चल रहा है तो उसमें कितना भाग छोड़कर व्यवसाय चलाया जा रहा है। फिरहाद हकीम ने कहा कि अगर कहीं रेस्टोरेंट पूरी तरह से छत पर चारो ओर ऑपरेट है तो उसका परमिशन हम लोग रद्द कर सकते हैं।
इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया कि कोलकाता में स्ट्रीट डॉग बहुत बढ़ गए हैं। यह नगर निगम के लिए चिंता का विषय बनते जा रहा है। बहुत सारे लोग कुत्तों को खाना देकर फेसबुक में पोस्ट करते हैं। कुत्तों की जान बचाना ज्यादा जरूरी है ना कि खाना देने की तस्वीर पोस्ट करना। इसके अलावा फिरहाद हकीम ने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा चुनाव बाद हिंसा के आरोप पर जो प्रतिनिधिमंडल बंगाल आएगा उसका काम क्या है। उन्होंने कटाक्ष कर कहा कि बंगाल में सब कुछ सामान्य है लेकिन फिर भी मीडिया के साथ मिलकर एक माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।जो लोग हार गए हैं वह अपना चेहरा छिपाते फिर रहे है और हिंसा की बेवजह खबर फैला रहे है।