पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया
कोलकाता। कराया थानांतर्गत बालीगंज सर्कुलर रोड पर दो पुलिसकर्मियों ने खुद को सरकारी अधिकारी बताकर एक ट्रैवल एजेंसी के कार ड्राइवर से 1.95 लाख रुपये की ठगी की। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के नाम कौशिक घोष और मो. मंजिल है। दोनों डीडी विभाग में कार्यरत हैं। उन्हें कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें 4 अक्टूबर तक हिरासत में भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार सैयद अमीर अली एवेन्यू के निवासी मेहताब आलम ने 30 अगस्त को कराया थाने में अपहरण और फिरौती की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि दो लोगों ने खुद को सरकारी अधिकारी बताकर उनकी कार शक्तिगढ़ जाने के लिए किराए पर ली थी। लेकिन रायटर्स बिल्डिंग के पास पहुंचने पर दोनों ने गाड़ी रोक दी और कुछ कागजात लेने का बहाना बनाकर वहां से चले गए। जब वे लौटे तो उन्होंने मेहताब को ड्रग्स तस्करी के झूठे मामले में फंसाने और कार जब्त करने की धमकी दी।
जालसाजों ने इस झूठे मामले से बचाने के बदले 4 लाख रुपये की मांग की गई। घबराए मेहताब ने अपने भाई और बहनोई से संपर्क किया। जालसाजों ने मेहताब के भाई से 3 लाख रुपये की बात पर सहमति जताई और उसे छोडऩे का वादा किया। इसके बाद वे मेहताब और उसकी कार को रेड रोड की ओर ले गए और पार्क स्ट्रीट में रुपये का लेनदेन किया। जालसाजों ने 1.95 लाख रुपये लेने के बाद मेहताब को छोड़ दिया। वापस लौटने पर मेहताब ने थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।