तारातला में निर्माणाधीन गोदाम की छत ढही, 3 मजदूरों की मौत, 18 को बचाया गया
कड़ी सुरक्षा के बीच चोरी हुये मोबाइल
कोलकाता। रविवार को नेताजी इंडोर स्टेडियम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में आयोजित बीजेपी की विजय संकल्प कार्यकर्ता सम्मेलन की सभा में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक के बाद एक पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की जेबें कटने लगीं। सभा शुरू होने से पहले ही मोबाइल फोन चोरी की कई शिकायतें सामने आने लगीं, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि अमित शाह के दौरे को लेकर पूरे राज्य से भारी संख्या में कार्यकर्ता और नेता कोलकाता पहुंचे थे। इस भीड़ का फायदा उठाते हुए कुछ असामाजिक तत्वों ने मोबाइल फोन और कीमती सामान चुरा लिए। हालात इतने बिगड़ गए कि बीजेपी के प्रदेश महासचिव दीपक बर्मन को मंच से माइक पर फोन चोरी की घटनाओं की घोषणा करनी पड़ी। इस अफरा-तफरी के बीच अमित शाह ने नेताजी इंडोर पहुंचने से पहले सीएफएसएल (सेंट्रल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) के नए भवन का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में उन्होंने अपराध की जांच में फॉरेंसिक तकनीक के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि तकनीक आधारित जांच आज की जरूरत है। फॉरेंसिक की भूमिका अपराधियों को पकडऩे में बेहद अहम है।
हालांकि, इस तकनीकी प्रशंसा के ठीक बाद नेताजी इंडोर में हुई जेबकटी की घटनाओं ने सुरक्षा और प्रबंधन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सभा में आगामी विधानसभा चुनाव 2026 के लिए पार्टी की रणनीति और रोडमैप पर भी चर्चा होनी थी, मगर मोबाइल चोरी की घटनाओं ने शुरुआत से ही माहौल को तनावपूर्ण बना दिया।
पार्टी के कई कार्यकर्ताओं ने स्थानीय पुलिस से शिकायत दर्ज करने की बात कही है। अब देखना है कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बीच इस तरह की घटनाएं कैसे हो पाईं और क्या पुलिस इन मामलों में कोई ठोस कार्रवाई कर पाती है या नहीं।