वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
15 बंदूकें और हजार राउंड गोलियां बरामद
कोलकाता। खड़दह इलाके में सोमवार सुबह एक लक्जरी अपार्टमेंट से भारी मात्रा में हथियार बरामद होने से सनसनी फैल गई। बराकपुर पुलिस कमिश्नरेट की डिटेक्टिव डिपार्टमेंट ने रिजेंट पार्क स्थित एक अपार्टमेंट में छापेमारी कर 15 आग्नेयास्त्र और 1,000 से अधिक राउंड गोलियां बरामद की हैं। मौके से लाखों रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। इस मामले में पुलिस ने लिटन नामक एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। अपार्टमेंट के जिस फ्लैट से हथियार मिले, वह मधुसूदन मुखोपाध्याय नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है। शुरुआती जांच में पता चला है कि हथियारों में देसी और विदेशी दोनों तरह की बंदूकें शामिल हैं।
पुलिस को इस हथियार तस्करी के तार बिहार के कुख्यात मुंगेर जिले से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। मुंगेर के एक हथियार तस्कर से पूछताछ के दौरान मधुसूदन मुखोपाध्याय का नाम सामने आया। इसके बाद सोमवार तड़के पुलिस की टीम ने खड़दह स्थित फ्लैट को घेर कर छापेमारी की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि पुरुलिया में बने हथियारों को मधुसूदन ने यहां जमा किया था। अब यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किस उद्देश्य के लिए किया जाना था। स्थानीय लोग मधुसूदन को एक सामान्य, मिलनसार व्यक्ति के रूप में जानते थे।
एक निवासी ने बताया कि वह हमेशा मुस्कुराकर बात करता था, कार में आता-जाता था, और लोगों से घुलमिल कर रहता था। हम तो विश्वास ही नहीं कर पा रहे कि ऐसा कुछ हो सकता है। एक अन्य स्थानीय निवासी ने कहा कि वह यहां किराए पर रहता था। ऐसे कई लोग अपार्टमेंट में रहते हैं, अब डर लग रहा है। घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए आईएसएफ विधायक नवशाद सिद्दीकी ने कहा कि चुनाव आने वाले हैं, और अब इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। एक हजार राउंड गोलियां कोई मामूली बात नहीं, इतने हथियार खड़दह तक कैसे पहुंचे? राज्य के पुलिस मंत्री को जवाब देना चाहिए। पुलिस ने फिलहाल पूरे मामले को संवेदनशील मानते हुए जांच को आगे बढ़ाया है। मधुसूदन से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह कोई बड़ा नेटवर्क है, जो चुनाव से पहले शहर में हथियारों की सप्लाई कर रहा है।