दक्षिण बंगाल में फिर भारी बारिश का अलर्ट, समुद्र में मछुआरों के जाने पर रोक
कोलकाता। राज्य में लगातार हो रही बारिश से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। अब एक नए चक्रवातीय घेरे के कारण दक्षिण बंगाल में भारी बारिश का खतरा और बढ़ गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार से ही चेतावनी जारी कर दी है। उत्तर बंगाल की खाड़ी में बना यह चक्रवातीय घेरा गंगीय पश्चिम बंगाल और ओडिशा से लगे क्षेत्रों पर असर डालेगा। मानसून की अक्षरेखा भी उत्तर की ओर खिसक रही है, जिससे राज्य में लगातार नमी और जलवाष्प प्रवेश कर रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को बारिश और तेज होगी। पूर्व बर्दवान, मुर्शिदाबाद, नदिया, उत्तर व दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। राजधानी कोलकाता में भी बारिश होगी। हालांकि, उमस और नमी से लोगों को असुविधा बनी रहेगी। मौसम विभाग ने बताया कि फिलहाल एक सप्ताह यानी 28 अगस्त तक कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल में बारिश का कहर जारी रहेगा। उत्तर बंगाल में शुक्रवार को ऊपरी इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। शनिवार और रविवार को मालदा व दोनों दिनाजपुर जिलों में तेज बारिश होगी। समुद्र में भी उथल-पुथल रहेगी, इसलिए मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार को मछुआरों के समुद्र में जाने पर सख्त रोक लगा दी है।