वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
विसर्जन की खुशी मातम में बदल गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई
कोलकाता। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान गुरुवार रात एक मर्मांतक हादसा हो गया। बेहाला के रहने वाले उत्सव चट्टोपाध्याय नामक युवक की मौत हो गई, जब अलीपुर चिडिय़ाखाना के पास विसर्जन लदे ट्रक की छत पर बैठे हुए वह हाइटबार से टकरा गए। जानकारी के मुताबिक, उत्सव चट्टोपाध्याय अपने इलाके की पूजा समिति से जुड़े थे और विसर्जन में बेहद उत्साह से शामिल हुए थे। प्रतिमा लेकर जा रही ट्रक पर चढ़कर वह ऊपर बैठ गए थे।
बाबूघाट की ओर जाते समय अलीपुर के पास ट्रक गुजरते ही उनका सिर अचानक लोहे के हाइटबार से टकरा गया। धक्का इतना ज़ोरदार था कि वे ट्रक से नीचे गिर पड़े और प्रतिमा पर जा गिरे। हादसे में प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त हो गई। लहूलुहान हालत में तुरंत उन्हें एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवक पीछे मुंह कर बैठा था, इस कारण हाइटबार को देख नहीं पाया। वहीं, आरोप है कि उस जगह पर्याप्त रोशनी नहीं थी। लोगों का मानना है कि अगर सड़क पर बेहतर रोशनी होती, तो शायद हादसे से बचा जा सकता था। युवक पेशे से ड्रमर था और इलाके में उसकी पहचान काफी लोकप्रिय थी। विसर्जन की खुशी मातम में बदल गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।