वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
कुछ दिन पहले इसी मामले की जांच के सिलसिले में ईडी ने राज्य के अग्निशमन मंत्री सुजीत बसु के कार्यालय और उनके बेटे के रेस्टोरेंट पर भी छापा मारा था।
बहुचर्चित निगम नियुक्ति घोटाले की जांच में ईडी ने बुधवार को एक बार फिर बड़ा एक्शन लिया। एजेंसी ने तारातला इलाके में एक व्यापारी के घर पर छापा मारकर अब तक 1 करोड़ 20 लाख रुपये से ज्यादा नकद और कई किलो सोना बरामद किया है। तलाशी अभियान देर शाम तक जारी था। इसी कड़ी में बागुईआटी और लेक टाउन स्थित ठिकानों पर भी छापेमारी चल रही है।
सूत्रों के मुताबिक, तारातला में जिस व्यापारी के घर से यह रकम बरामद हुई है, उसका इस घोटाले से संभावित संबंध तलाशा जा रहा है। ईडी अधिकारी यह जांच कर रहे हैं कि इतनी बड़ी नकद राशि वहां कैसे पहुंची और क्या इसका सीधा संबंध सरकारी नियुक्तियों में हुई कथित धांधली से है। बताया गया कि उक्त व्यापारी का एक गोडाउन लेक टाउन इलाके में भी है।
वहां छापेमारी के दौरान कई किलो सोना और कीमती गहने मिले हैं। फिलहाल एजेंसी उस सोने के स्रोत और खरीद संबंधी दस्तावेजों की जांच कर रही है। इससे एक दिन पहले, यानी मंगलवार को भी ईडी ने बेलघाटा सहित कोलकाता के कई इलाकों में छापेमारी की थी। बेलघाटा के हेमचंद्र नस्कर रोड स्थित एक व्यापारी के घर से एजेंसी ने कई अहम दस्तावेज जब्त किए थे। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान ईडी को कुछ कंपनियों के लेन-देन में अनियमितता का पता चला था, जिनका संबंध पुरानी नियुक्ति घोटाले से बताया जा रहा है।
कुछ दिन पहले इसी मामले की जांच के सिलसिले में ईडी ने राज्य के अग्निशमन मंत्री सुजीत बसु के कार्यालय और उनके बेटे के रेस्टोरेंट पर भी छापा मारा था। इसके अलावा दक्षिण दमदम नगर निगम के एक अधिकारी को भी पूछताछ के लिए तलब किया गया है। ईडी सूत्रों का कहना है कि नियुक्ति घोटाले में मनी ट्रेल के जरिये कई नए कारोबारी और राजनीतिक नाम सामने आ रहे हैं। एजेंसी अब इन सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।