वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
8 दिन बाद सवालों में घिरे मंत्री सुजीत बोस ने कहा-मैं कुछ नहीं कहना चाहता
कोलकाता। लियोनेल मेसी की यात्रा और उससे जुड़ी घटनाओं को लेकर सियासी बहस थमने का नाम नहीं ले रही है। श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब के सामने लगी 70 फीट ऊंची लियोनेल मेसी की मूर्ति को लेकर अब राज्य के दमकल मंत्री सुजीत बोस खुलकर सामने आए हैं। मंत्री का दावा है कि खुद मेसी को यह मूर्ति पसंद आई थी और उन्होंने इसकी तारीफ भी की थी। मेसी के कोलकाता दौरे को आठ दिन बीत चुके हैं। रविवार को जहां एक ओर मेसी की मूर्ति को लेकर उठे विवाद पर सुजीत बोस ने सफाई दी, वहीं दूसरी ओर युवभारती स्टेडियम में हुई अव्यवस्था को लेकर भी उन्हें सवालों का सामना करना पड़ा।
मेसी के कोलकाता दौरे का पहला चरण ईएम बाइपास स्थित हयात रीजेंसी होटल में हुआ था। इस दौरान भले ही युवभारती स्टेडियम में सुजीत बोस नजर नहीं आए, लेकिन होटल वाले चरण में उनकी मौजूदगी लगातार बनी रही। वहीं से उन्होंने अपने क्लब श्रीभूमि के सामने मेसी की 70 फीट ऊंची मूर्ति का उद्घाटन कराया। मंत्री के मुताबिक, मेसी की इस यात्रा को यादगार बनाने के लिए ही मूर्ति तैयार कराई गई थी। हालांकि, मूर्ति के चेहरे की बनावट को लेकर सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना हुई और कई लोगों ने इसे लेकर सवाल उठाए। रविवार को जब मूर्ति को लेकर हो रही आलोचनाओं पर सुजीत बोस से सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि स्टैच्यूटू ऑफ मेसी, मोसी को अच्छा लगा है। उन्होंने इसकी तारीफ की है। इस पर कोई सवाल नहीं किया। दो-एक लोग हर समय निंदा करते हैं, लेकिन मेसी ने खुद इसकी तारीफ की और अपने वीडियो में इसे एक-दो नंबर पर रखा।
दरअसल, भारत दौरे के बाद मेसी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक शॉर्ट वीडियो शेयर किया था। उस वीडियो की शुरुआत में ही श्रीभूमि के सामने लगी 70 फीट की मूर्ति दिखाई देती है। माना जा रहा है कि सुजीत बोस उसी वीडियो का हवाला दे रहे थे। मेसी के कोलकाता दौरे का दूसरा और ज्यादा विवादित चरण युवभारती स्टेडियम रहा। इस चरण की जिम्मेदारी राज्य के दूसरे मंत्री अरूप बिस्वास के पास थी। युवभारती में अव्यवस्था और तोडफ़ोड़ के बाद अरूप बिस्वास ने खेल मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया, हालांकि वे अब भी राज्य मंत्रिमंडल का हिस्सा हैं। रविवार को जब सुजीत बोस से इसे लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने साफ कहा कि इस पर मैं अभी कुछ नहीं कहूंगा। सरकार ने एक जांच समिति बनाई है। रिपोर्ट आने दीजिए। कहां गलती हुई, कहां क्या सही था सब कुछ जांच रिपोर्ट में सामने आएगा।
सुजीत बोस ने आगे कहा कि इस बंगाल में पहले भी कई बड़े आयोजन हुए हैं और आगे भी होंगे। हमारी सरकार के समय में भी बड़े-बड़े इवेंट हुए हैं। मेसी के दौरे के दौरान स्टेडियम में जो समस्या हुई, उसे लेकर जांच हो रही है। खुद मुख्यमंत्री ने कमेटी बनाई है, इसलिए अभी इस पर कुछ कहना ठीक नहीं होगा। मेसी की मूर्ति से लेकर युवभारती कांड तक इन दोनों मुद्दों पर बयान देकर सुजीत बोस ने भले ही सफाई देने की कोशिश की हो, लेकिन सियासी बहस फिलहाल थमती नजर नहीं आ रही।