पुलिस रोकती रही, रफ्तार बढ़ाते गयी बेलगाम कार
कोलकाता। एक बार फिर रेड रोड, एक बार फिर गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल और एक बार फिर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गये हैं। शनिवार सुबह गणतंत्र दिवस की परेड की रिहर्सल के दौरान एक बेकाबू लग्जऱी कार सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए अंदर घुस गई। इस घटना ने साल 2016 में परेड के दौरान वायुसेना अधिकारी की मौत की भयावह यादों को फिर से जगा दिया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शनिवार सुबह रेड रोड पर कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच परेड की रिहर्सल चल रही थी। उसी समय एक तेज़ रफ्तार लग्जऱी कार रेड रोड की ओर से पार्क स्ट्रीट की दिशा में जाने की कोशिश कर रही थी। पुलिस ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी और भागने की कोशिश की। भागने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क किनारे लगे गार्डरेल से जा टकराई। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कार का बायां हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना के तुरंत बाद मैदान थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, कार को जब्त कर लिया गया और चालक को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि कार का बीमा और प्रदूषण प्रमाणपत्र दोनों की अवधि समाप्त हो चुकी थी। आरोप है कि बिना वैध दस्तावेजों के ही कार चलाई जा रही थी। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या जरूरी कागजात न होने के कारण चालक पुलिस से बचने के लिए भाग रहा था, या इसके पीछे कोई और वजह थी। इस घटना के बाद गणतंत्र दिवस जैसे संवेदनशील मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। गौरतलब है कि 13 जनवरी 2016 को भी रेड रोड पर इसी तरह की घटना हुई थी। तब गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल के दौरान एक बेकाबू कार बैरिकेड तोड़कर अंदर घुस गई थी, जिसकी चपेट में आकर भारतीय वायुसेना के अधिकारी अभिमन्यु गौड़ की मौत हो गई थी। उस मामले में तृणमूल नेता और पूर्व राजद विधायक मोहम्मद सोहराब के बेटों अंबिया और सांबिया सोहराब के खिलाफ आरोप लगे थे। शनिवार की घटना भले ही बिना किसी जानमाल के नुकसान के खत्म हो गई हो, लेकिन इसने एक बार फिर रेड रोड की सुरक्षा और परेड के दौरान ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर प्रशासन की तैयारियों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।