वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और सच सामने आएगा
कोलकाता। डोमजुड़ थाना क्षेत्र में न्याय की उम्मीद लगाए बैठी एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान शिखा खातून के रूप में हुई है, जिसका शव बुधवार को जालान कॉम्प्लेक्स स्थित उसके घर से बरामद किया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि शिखा को आज ही अदालत में अपने साथ हुए दुष्कर्म के मामले में धारा 164 (सीआरपीसी) के तहत गुप्त बयान दर्ज कराना था, लेकिन उससे पहले ही उसकी जीवन लीला समाप्त कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, शिखा खातून ने हाल ही में एक स्थानीय ठेकेदार के खिलाफ दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए डोमजुड़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मंगलवार को ही आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया था। कानून के मुताबिक, पीडि़ता को बुधवार को मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने जाना था, जो मामले में सजा दिलाने के लिए सबसे महत्वपूर्ण सबूत माना जाता है। परंतु, सुबह उसका शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया और न्याय की प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए। पुलिस की प्रारंभिक जांच की सुई मृतका के पति राहुल शेख की ओर घूम गई है। पुलिस ने राहुल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
स्थानीय सूत्रों और पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से ही राहुल शेख फरार है, जिससे उस पर संदेह और गहरा गया है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस हत्या के पीछे गिरफ्तार ठेकेदार का कोई हाथ है या फिर यह पारिवारिक विवाद का नतीजा है। हावड़ा पुलिस की कई टीमें फरार पति की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं। डोमजुड़ थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। घटना के बाद से जालान कॉम्प्लेक्स और आसपास के इलाकों में भारी तनाव व्याप्त है। स्थानीय निवासियों में इस बात को लेकर आक्रोश है कि सुरक्षा और न्याय की दहलीज पर खड़ी एक महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा और सच सामने आएगा।