वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
प्लेटफॉर्म का हिस्सा क्षतिग्रस्त, टला बड़ा रेल हादसा
कोलकाता। दक्षिण पूर्व रेलवे के शालीमार स्टेशन पर बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्टेशन में प्रवेश कर रही एक खाली लोकल ट्रेन का एक डिब्बा अचानक पटरी से उतर गया। इस दुर्घटना में ट्रेन का डिब्बा प्लेटफॉर्म की दीवार से रगड़ता हुआ आगे बढ़ा, जिससे प्लेटफॉर्म का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, गनीमत यह रही कि ट्रेन पूरी तरह खाली थी, जिसके चलते एक बड़ा और जानलेवा रेल हादसा होने से टल गया। घटना के बाद एहतियात के तौर पर प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह खाली लोकल ट्रेन सांतड़ागाछी से शालीमार स्टेशन की ओर आ रही थी। जैसे ही ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 3 के करीब पहुंची, उसके एक डिब्बे के पहिए पटरी से नीचे उतर गए। पटरी से उतरने के बाद डिब्बा असंतुलित होकर प्लेटफॉर्म के किनारे से टकराते हुए घिसटने लगा। सुबह के समय स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने जब जोरदार आवाज सुनी और डिब्बे को प्लेटफॉर्म से टकराते देखा, तो वहां अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना की गंभीरता को देखते हुए रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची। राहत कार्य शुरू करते हुए पटरी से उतरे डिब्बे को हटाने और ट्रैक की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर शुरू किया गया है। दक्षिण पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ओम प्रकाश चरण ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि यह एक तकनीकी दुर्घटना है, लेकिन सौभाग्य से ट्रेन खाली होने के कारण कोई हताहत नहीं हुआ है। डिरेलमेंट की वजह से प्लेटफॉर्म का कुछ हिस्सा जरूर टूटा है। हमारी टीम मलबे को हटाने और प्लेटफॉर्म को परिचालन के लिए तैयार करने में जुटी है।
फिलहाल, रेलवे प्रशासन ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए एक जांच समिति गठित कर दी है। प्रारंभिक तौर पर इसे प्वॉइंट्स या ट्रैक में तकनीकी खराबी से जोड़कर देखा जा रहा है। स्टेशन के अन्य प्लेटफॉर्म से ट्रेनों का आवागमन सामान्य है, लेकिन प्लेटफॉर्म नंबर 3 को पूरी तरह दुरुस्त होने तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इस घटना ने एक बार फिर स्टेशनों के पास पटरियों के रखरखाव और तकनीकी सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।