राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की घटना दुर्भाग्यपूर्ण, दोषियों को मिले कठोर दंडः संघ
पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है
कोलकाता। इकोपार्क थाना क्षेत्र के अंतर्गत सुलंगुड़ी चरक तला इलाके में शुक्रवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप अख्तियार कर लिया। आपसी विवाद के दौरान एक पिता और उसके पुत्र ने मिलकर स्थानीय युवक पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक की गर्दन पर गंभीर घाव हुए हैं, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। फिलहाल युवक की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना सुबह करीब 11 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि किसी पुरानी बात को लेकर दो पक्षों के बीच बहस शुरू हुई थी, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच गई। इसी बीच आरोपियों ने अपना आपा खो दिया और धारदार हथियार से कृष्ण नामक युवक पर हमला बोल दिया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय निवासियों ने तुरंत घायल कृष्ण को उठाया और पास के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, युवक की गर्दन पर गहरे जख्म हैं और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इकोपार्क थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि नामजद पिता-पुत्र का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और वे इलाके में पहले भी कई असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त पाए गए हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस हमले के पीछे कोई पुरानी रंजिश थी या फिर तात्कालिक विवाद ही खूनी संघर्ष का कारण बना। इस घटना के बाद से सुलंगुड़ी इलाके में भारी तनाव और डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।