वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए अधिकारी ने वादा किया कि भाजपा की सरकार आते ही बंगाल में उद्योगों की वापसी होगी
कोलकाता। विधानसभा चुनाव के लिए जारी सियासी घमासान के बीच भाजपा ने कोलकाता की सड़कों पर अपनी ताकत दिखाकर सत्ताधारी दल को सीधी चुनौती दे दी है। नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने उत्तर कोलकाता की सीटों के लिए आयोजित शक्ति प्रदर्शन और जनसभा में हुंकार भरते हुए दावा किया कि बंगाल में बदलाव की लहर अब सुनामी बन चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि जीत का यह सिलसिला केवल 4 मई को विधानसभा चुनाव के नतीजों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगामी दिसंबर में होने वाले कोलकाता नगर निगम (केएमसी) चुनावों में भी भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज कर शहर की तस्वीर बदलेगी। जेसप बिल्डिंग से शुरू होकर क्लाइव रो और चौरंगी तक निकले इस विशाल रोड शो में शुभेंदु ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल सरकार पर तीखे प्रहार किए।
उन्होंने कोलकाता के मौजूदा हालात के लिए भ्रष्टाचार और पुलिसिया तंत्र के कथित दुरुपयोग को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि सिटी ऑफ जॉय अब बुनियादी अव्यवस्थाओं से जूझ रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को दोहराते हुए अधिकारी ने वादा किया कि भाजपा की सरकार आते ही बंगाल में उद्योगों की वापसी होगी। उन्होंने विशेष रूप से टाटा जैसे बड़े समूहों को राज्य में वापस लाने की वकालत की, ताकि यहां के युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े। अपने संबोधन में शुभेंदु ने एक बार फिर नंदीग्राम की ऐतिहासिक जीत की याद दिलाई और आत्मविश्वास के साथ कहा कि जिस तरह उन्होंने वहां मुख्यमंत्री को हराया था, इस बार भवानीपुर समेत कोलकाता की अन्य सीटों पर भी वही परिणाम दोहराए जाएंगे। घुसपैठ के मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई किसी पंथ के खिलाफ नहीं, बल्कि अवैध तरीके से रहने वाले लोगों के विरुद्ध है जो बंगाल की सुरक्षा के लिए खतरा हैं।
चुनावी हलफनामे में सामने आई अपनी बढ़ती आय और संपत्ति के आंकड़ों के बीच शुभेंदु ने साफ किया कि विधानसभा के भीतर इस बार भाजपा की बेंच पहले से कहीं अधिक मजबूत होगी और राज्य में असली परिवर्तन का आगाज होगा।