वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
टीएमसी नेता का सिर मुंडवाकर पहनाई जूतों की माला
हावड़ा। श्यामपुर इलाके में रविवार को भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भारी तनाव पैदा हो गया। केंद्र सरकार की 100 दिन की रोजगार योजना (मनरेगा) में बड़े पैमाने पर धांधली और गरीबों का हक मारने के आरोपी एक तृणमूल कांग्रेस नेता को ग्रामीणों के उग्र आक्रोश का सामना करना पड़ा। उग्र भीड़ ने कानून हाथ में लेते हुए न सिर्फ नेता को बंधक बनाया, बल्कि सार्वजनिक रूप से उनका सिर मुंडवाकर और गले में जूतों की माला डालकर पूरे इलाके में घुमाया।
जानकारी के अनुसार, श्यामपुर के अमरदह क्षेत्र के रहने वाले सन्न्यासी मान्ना लंबे समय से तृणमूल कांग्रेस में सक्रिय हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने मनरेगा योजना के तहत आवंटित सरकारी धन का भारी दुरुपयोग किया और गरीब मजदूरों के अधिकारों का पैसा हड़प लिया। इस कथित घोटाले को लेकर ग्रामीणों के भीतर लंबे समय से सुलग रहा गुस्सा रविवार को अचानक फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट होकर सन्न्यासी मान्ना के घर पहुंचे और उन्हें चारों तरफ से घेरकर भ्रष्टाचार विरोधी नारेबाजी शुरू कर दी।
माहौल बिगड़ते ही भीड़ हिंसक हो उठी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोगों ने पहले नेता के साथ धक्का-मुक्की की और फिर उनका सिर आंशिक रूप से मुंडवा दिया। इसके बाद उनके गले में फटे जूतों का हार डाला गया और कमर में कपड़ा बांधकर रस्सी की तरह खींचते हुए पूरे मोहल्ले में घुमाया गया।
घटना की भनक लगते ही श्यामपुर थाने की भारी पुलिस बल मौके पर पहुंची। पुलिस को आक्रोशित ग्रामीणों को शांत करने और सन्न्यासी मान्ना को भीड़ के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकालने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस फिलहाल नेता को सुरक्षित बचाकर थाने ले गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि भ्रष्टाचार के आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है, साथ ही सन्न्यासी मान्ना के साथ बर्बरता करने और कानून हाथ में लेने वाले उपद्रवियों की भी पहचान की जा रही है ताकि उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।