वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
अगले 5 दिन जारी रहेगा आंधी-बौछारों का दौर
कोलकाता। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और दमघोंटू उमस की मार झेल रहे दक्षिण बंगाल के लोगों के लिए आखिरकार राहत की खबर आई है। शुक्रवार के बाद रविवार को एक बार फिर कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई जिलों में हुई मूसलाधार बारिश और तेज आंधी ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। इस भारी वर्षा से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे आम जनता को सुहावने मौसम का तोहफा मिला है। हालांकि, अलीपुर मौसम विभाग ने ताजा पूर्वानुमान जारी करते हुए संकेत दिया है कि राहत का यह सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है और अगले चार से पांच दिनों तक पूरे दक्षिण बंगाल में रुक-रुक कर बिखरी हुई बारिश का दौर जारी रहेगा।
रविवार को हुई इस तेज बारिश का सबसे व्यापक असर महानगर कोलकाता और उसके आसपास के शहरी इलाकों में देखने को मिला। महज कुछ ही घंटों की तेज वर्षा के कारण शहर के कई निचले इलाके जलमग्न हो गए और सड़कों पर पानी भरने से यातायात भी प्रभावित हुआ। इसके बावजूद, लंबे समय से चातक बने लोग इसे एक बड़ी राहत के रूप में देख रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, खाड़ी से आ रही हवाओं के कारण वायुमंडल में पर्याप्त नमी मौजूद है, जिससे अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और बौछारें पडऩे की प्रबल संभावना है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की नई प्रशासनिक व्यवस्था के तहत आपदा प्रबंधन विभागों को भी सतर्क रहने को कहा गया है। यह बारिश किसानों के लिए भी वरदान साबित हो रही है, जिससे खरीफ फसलों की बुवाई को नई गति मिलेगी।