रविवार सुबह इलाज में कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए एक दसवीं कक्षा की छात्रा की मौत के बाद आरामबाग प्रफुल्ल चंद्र मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भारी तनाव फैल गया।
हुगली। रविवार सुबह इलाज में कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए एक दसवीं कक्षा की छात्रा की मौत के बाद आरामबाग प्रफुल्ल चंद्र मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भारी तनाव फैल गया। परिजनों ने चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषी डॉक्टरों के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की।
मिली जानकारी के अनुसार, आरामबाग नगरपालिका के वार्ड संख्या 10 के उत्तर बादलकाना निवासी अचिंत्य कुमार पाल की छोटी बेटी तमसी पाल को शनिवार रात उसके पैर में एक विषैले सांप ने काट लिया था। इसके बाद उसकी बड़ी बहन उसे तत्काल आरामबाग प्रफुल्ल चंद्र मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसे भर्ती कराया गया।
रविवार सुबह इलाज के दौरान तमसी की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया तथा अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
मृत छात्रा के पिता अचिंत्य कुमार पाल का आरोप है कि उनकी बेटी को रातभर उचित चिकित्सा नहीं मिली, जिसके कारण उसकी जान चली गई। उन्होंने कहा कि मेरी बेटी की मौत इलाज में लापरवाही की वजह से हुई है। जिन तीन डॉक्टरों की लापरवाही से यह घटना हुई, उनके खिलाफ प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने भावुक होकर कहा कि मेरी बड़ी बेटी मेडिकल की पढ़ाई कर रही है। मेरी छोटी बेटी का भी डॉक्टर बनने का सपना था, लेकिन उन्हीं डॉक्टरों ने उसकी जिंदगी छीन ली।
खबर लिखे जाने तक इस घटना को लेकर अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।