विपक्ष के हंगामे के कारण संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही कल तक के लिए स्थगित
अधीर चौधरी के सामने लगे 'शुभंकर सरकार जिंदाबाद' के नारे
कोलकाता। 21 जुलाई शहीद दिवस के अवसर पर आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम में पार्टी की अंदरूनी खींचतान एक बार फिर खुलकर सामने आ गई। शहीद मीनार मैदान में आयोजित सभा के दौरान जैसे ही प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी मंच पर पहुँचे, कार्यकर्ताओं के एक वर्ग ने वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार के समर्थन में शुभंकर सरकार जिंदाबाद के जोरदार नारे लगाने शुरू कर दिए। इस घटनाक्रम ने सार्वजनिक रूप से पार्टी के भीतर जारी गुटबाजी को उजागर कर दिया, हालाँकि अधीर रंजन चौधरी ने संयम बनाए रखा और स्थिति को संभाला।
गौरतलब है कि अधीर रंजन चौधरी और शुभंकर सरकार के बीच तृणमूल कांग्रेस और वाम दलों के प्रति रुख को लेकर लंबे समय से राजनीतिक मतभेद रहे हैं। अधीर जहाँ ममता बनर्जी के सख्त विरोधी माने जाते हैं, वहीं शुभंकर सरकार का रुख अपेक्षाकृत नरम रहा है। सभा में मौजूद कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए अधीर ने दावा किया कि पुलिस की रुकावटों के बावजूद इतनी भारी भीड़ का जुटना कांग्रेस के लिए बड़ी सफलता है और आने वाले चुनावों में राज्य की राजनीति में बदलाव का संकेत है।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने घोषणा की कि 9 से 14 अगस्त तक राज्यभर में विरोध प्रदर्शन किए जाएँगे। साथ ही उन्होंने ऐलान किया कि 15 जनवरी से 15 फरवरी 2027 के बीच कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक विशाल रैली का आयोजन होगा, जिसमें राहुल गांधी शामिल होंगे। वहीं राष्ट्रीय युवा कांग्रेस नेता उदय भानु और दीपा दासमुंशी ने भी तृणमूल व भाजपा पर तीखा हमला बोला। कुल मिलाकर, इस कार्यक्रम ने जहाँ कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा फूंकने का काम किया, वहीं मंच पर हुई नारेबाजी ने पार्टी के अंदरूनी मतभेदों को भी जगजाहिर कर दिया।