टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित
एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप 2026 में भारतीय सब-जूनियर पुरुष और महिला टीमों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है।
मस्कट (ओमान)। एफआईएच यूथ हॉकी5एस एशियाई चैंपियनशिप 2026 में भारतीय सब-जूनियर पुरुष और महिला टीमों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। मंगलवार को एलीट पूल मुकाबलों में पुरुष टीम ने मेजबान ओमान और चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराया, जबकि महिला टीम ने चीन के साथ मुकाबला ड्रॉ खेलने के बाद उज्बेकिस्तान को एकतरफा अंदाज में शिकस्त दी।
भारतीय सब-जूनियर पुरुष टीम ने रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को 7-4 से पराजित किया। भारत की ओर से करण गौतम ने 5वें, 9वें और 19वें मिनट में गोल दागकर हैट्रिक पूरी की। इसके अलावा राहुल यादव (3'), प्रह्लाद राजभर (10'), कप्तान केतन कुशवाहा (11') और रोमित पाल (11') ने एक-एक गोल किया।
पाकिस्तान के लिए असलम मुहम्मद फरहान (6'), अदील (8') और उस्मान मुहम्मद (10', 16') ने गोल किए।
इससे पहले भारतीय पुरुष टीम ने मेजबान ओमान को 14-0 से करारी शिकस्त दी। कप्तान केतन कुशवाहा ने चार गोल (6', 11', 15', 20') दागे, जबकि आशीष तानी पूर्ति ने (1', 16', 19') हैट्रिक बनाई। राहुल यादव (2', 12') और शाहरुख अली (3', 13') ने दो-दो गोल किए। वहीं प्रह्लाद राजभर (9'), करण गौतम (15') और रोमित पाल (18') ने भी गोल कर भारत की बड़ी जीत में योगदान दिया।
वहीं, भारतीय सब-जूनियर महिला टीम ने अपने दूसरे एलीट पूल मुकाबले में चीन के साथ 2-2 से ड्रॉ खेला। चीन के लिए चेन गे ने चौथे मिनट में बढ़त दिलाई। इसके बाद नौशीन नाज ने 16वें और 17वें मिनट में लगातार दो गोल कर भारत को बढ़त दिला दी। हालांकि, जियाक्सिन गुओ ने 19वें मिनट में बराबरी का गोल कर मुकाबला ड्रॉ करा दिया।
दिन के दूसरे मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने उज्बेकिस्तान को 16-0 से रौंद दिया। नौशीन नाज ने चार गोल (6', 9', 15', 16') किए, जबकि संदीपा कुमारी (2', 6', 20') और कप्तान स्वीटी कुजूर (10', 13', 20') ने हैट्रिक जमाई। दिया (3', 17') और पुष्पा मांझी (11', 13') ने दो-दो गोल किए। इसके अलावा किरण एक्का (8') और नीलम टोपनो (18') ने भी गोल दागे।
यह टूर्नामेंट पहले एफआईएच अंडर-18 यूथ हॉकी5एस विश्व कप के लिए एशियाई क्वालीफायर भी है। भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमें अब तक टूर्नामेंट में अपराजेय बनी हुई हैं और विश्व कप का टिकट हासिल करने की मजबूत दावेदार नजर आ रही हैं।