कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट, अगले 4 दिन भारी से अतिभारी वर्षा की चेतावनी
कोलकाता। दक्षिण बंगाल में मानसून के पूरी तरह रौद्र रूप धारण करने के साथ ही पूरे अंचल में भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है, जिससे फिलहाल कोई राहत मिलती नहीं दिख रही। सप्ताह के मध्य से शुरू हुआ मूसलाधार बारिश का सिलसिला सप्ताहांत में और गंभीर रूप ले सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अलीपुर स्थित मौसम केंद्र ने कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के विस्तृत इलाकों में अगले तीन से चार दिनों तक मूसलाधार बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राजस्थान से दीघा होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक फैली मानसूनी अक्षरेखा और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने एक मजबूत चक्रवाती परिसंचरण के संयुक्त प्रभाव के कारण यह मौसमी उथल-पुथल बनी हुई है।
मौसम विभाग ने पूर्व मेदिनीपुर, पश्चिम मेदिनीपुर और झाडग़्राम जिलों के लिए अतिभारी वर्षा की चेतावनी जारी करते हुए बताया कि इन इलाकों में 24 घंटों के भीतर लगभग 200 मिलीमीटर तक पानी बरस सकता है। इसके अलावा शनिवार और रविवार को कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर व दक्षिण 24 परगना और बांकुड़ा जिलों में भी व्यापक और तेज बारिश होने का अनुमान है। सोमवार से दक्षिण बंगाल के पुरुलिया और पश्चिम बर्दवान के साथ-साथ उत्तर बंगाल के पहाड़ी व मैदानी इलाकों में भी बारिश की गतिविधियां तेज हो जाएंगी, जहाँ दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है।
गुरुवार रात से ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में जलप्रलय जैसी स्थिति देखने को मिली है, जहाँ उत्तर 24 परगना के बसीरहाट में सर्वाधिक 185 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा कांथी, कैनिंग, सागरद्वीप और कोलकाता के अलीपुर में भी भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने निचले इलाकों में भीषण जलभराव, यातायात व्यवस्था ठप होने और नदियों के जलस्तर में अचानक उछाल की आशंका जताई है। प्रशासन ने आम नागरिकों को अति आवश्यक होने पर ही यात्रा करने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का मुस्तैदी से पालन करने की सलाह दी है।