कोलकाता लाते वक़्त अणुव्रत मंडल को शक्तिगढ़ के एक होटल में नाश्ता करने के लिए उतारा गया। बताया जा रहा है की वहां उनकी मुलाकात दो लोगों से हुई। नाश्ते के दौरान अणुव्रत दोनों से बात करते रहे और पुलिस थोड़ी दूरी पर खड़ी थी।
राज्य के बहुचर्चित मवेशी तस्करी मामले में सीबीआई के हाथों अगस्त 2022 में गिरफ्तारी के बाद से आसनसोल सेंट्रल जेल में बंद बीरभूम जिले के बाहुबली तृणमूल नेता अणुव्रत मंडल को अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) दिल्ली ले जा रही है। दो बार कोर्ट के सख्त आदेशों के बाद मंगलवार को बंगाली होली वाले दिन सुबह के समय आसनसोल सेंट्रल जेल से उन्हें कोलकाता के लिए रवाना किया गया।
इस बीच आसनसोल से कोलकाता सफर के बीच शक्तिगढ़ में पुलिस ने अणुव्रत की मुलाकात दो संदिग्ध लोगों से करवाई है जिसे लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। आसनसोल से कोलकाता जाने के रास्ते में शक्तिगढ़ है जहां का लेंग्चा बेहद मशहूर है। यहां एक मशहूर दुकान पर पुलिस की गाड़ी रुकी। उसमें से अणुव्रत मंडल निकले, दुकान के अंदर गए और नाश्ता करने के लिए एक टेबल पर बैठ गए।
वहां टेबल पर पहले से गंजी पहना हुआ एक युवक और हरा पंजाबी पहना हुआ दूसरा युवक बैठा हुआ था। अणुव्रत मंडल को चार कचौड़ी, छोला, स्पेशल लेंग्चा और राजभोग दिया गया। इनमें से अणुव्रत ने तीन कचौड़ी खाई है और एक कचौड़ी हरा पंजाबी पहने हुए युवक की थाली में डाल दी। नाश्ते के दौरान अणुव्रत दोनों से बात करते रहे और पुलिस थोड़ी दूरी पर खड़ी थी।
दुकान में काम करने वाले कर्मचारी का नाम शेख कमरुल हक है। उसने बताया कि अणुव्रत मंडल के खाने का बिल 995 रुपये हुआ था। यह बिल हरा पंजाबी पहना हुआ युवक जो अणुव्रत के साथ बैठा था उसी ने भुगतान किया है। इसी से स्पष्ट है कि यह मुलाकात पहले से तय की गई थी और कोर्ट को अंधेरे में रखकर बैठक हुई है। ये दोनों युवक कौन थे इस बारे में पुलिस ने मुंह नहीं खोला है। ईडी को भी इस बारे में जानकारी नहीं है। इसलिए आसनसोल पुलिस कमिश्नरेट पर सवाल खड़े होने लगे हैं। बहरहाल इस बारे में रहस्य बरकरार है।