पिता ने पीट-पीटकर लगाया हत्या का आरोप, सीएम से मांगा इंसाफ
कोलकाता। महानगर के कसबा इलाके में सोमवार को एक स्कूल की पांचवीं मंजिल से गिरकर एक छात्र की मौत हो गई। यह स्पष्ट नहीं है कि 10वीं कक्षा के छात्र ने खुदकुशी की है या नहीं। हालांकि, उसके परिवार ने स्कूल पर मानसिक दबाव डालने का आरोप लगाया है। गंभीर रूप से जख्मी छात्र को सोमवार दोपहर पास के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
छात्र के पिता ने कहा कि उसे आज एक प्रोजेक्ट जमा करना था, लेकिन वह नहीं दे सका जिसके कारण उसे डांट पड़ी थी। साथ ही सब के सामने उसे कान से पकड़कर खड़ा रहने की सजा दी गई थी, जिसे लेकर उसने अपमानित महसूस किया होगा। मृत छात्र के परिजनों ने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह पांचवीं मंजिल पर कैसे पहुंच गया। यहां तक कि उनका दावा स्कूल अधिकारियों के बयानों में भी विसंगति है। छात्र के पिता ने आरोप लगाया कि स्कूल के अधिकारी अन्य कारणों से पहले से ही उससे नाराज थे।
उन्होंने कहा कि मैंने अन्य अभिभावकों को अधिकारियों के खिलाफ एकजुट किया, क्योंकि स्कूल में कोरोना महामारी के दौरान वेतन में कटौती नहीं किया था। अभिभावकों के दबाव के कारण 33 प्रतिशत वेतन कटौती हुई थी। तभी प्रधानाध्यापिका ने मुझसे कहा था कि तुम्हें चिह्नित कर लिया गया है। मैं तब समझ गया, वे मेरे बेटे को नुकसान पहुंचाएंगे। मुझे लगता है कि उसे स्कूल में पीटा गया, जिससे उसकी मौत हुई है। छात्र के पिता ने दावा किया कि उनके बेटे की कोई हड्डी नहीं टूटी है। सिर्फ कान और मुंह से खून बह रहा था।
उन्होंने कहा कि पांचवीं मंजिल से गिरने पर हड्डियां टूटना सामान्य बात है। इसलिए संदेह है। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि घटना के बाद स्कूल ने उन्हें बुलाया। बताया जाता है कि उनका बेटा सीढिय़ों से गिर गया, लेकिन इलाज के बाद वह स्वस्थ हैं? अस्पताल पहुंचने पर उन्हें बेटे की मौत की खबर मिली। इस संबंध में मृतक छात्र के परिवार ने मुख्यमंत्री से न्याय की मांग की है। अभी तक स्कूल प्रबंधन का बयान सामने नहीं आया है।