पश्चिम बर्दवान में हीरापुर थाना अंतर्गत ध्रुवडांगा इलाके में गुरुवार रात खींचातानी में बंदूक से गोली चल गई
पश्चिम बर्दवान जिले में हीरापुर थाना अंतर्गत ध्रुवडांगा इलाके में गुरुवार रात खींचातानी में बंदूक से गोली चल गई। इस घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बर्दवान मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार घायल युवक का नाम आदित्य मंडल है।
गुरुवार की रात आदित्य अपने कुछ दोस्तों के साथ ध्रुवडांगा सेवा समिति के सामने खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। उसी समय एक युवक हाथ में बंदूक लिए वहां आया। वह बंदूक उंगलियों पर नचा कर उससे खेल रहा था। तभी एक अन्य युवक ने उससे बंदूक छीनने की कोशिश की।
इस दौरान दोनों में खींचातानी होने लगी और बंदूक से गोली चल गई। गोली वहां खड़े आदित्य मंडल की आंख में लगी और सिर को फाड़ते हुए निकल गई। रक्तस्राव शुरू हो गया। आदित्य को तुरंत आसनसोल जिला अस्पताल ले जाया गया।
हालांकि हालत बिगड़ने पर उन्हें बर्दवान अस्पताल ले जाया गया। हीरापुर थाने की पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह घटना महज एक हादसा है या इसके पीछे कुछ और भी है। इसकी भी जांच की जा रही है कि आखिर बंदूक कहां से आई?