वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
भाजपा ने इस घटना के खिलाफ बुधवार को बंगाल बंद का आह्वान किया है, जिसे लेकर सुकांत मजूमदार ने दावा किया कि यह बंद सफल होगा
कोलकाता। भाजपा के लालबाजार अभियान के दौरान मंगलवार को हुए हंगामे के बीच पुलिस द्वारा छोड़ी गई आंसू गैस के कारण भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत मौके से हटाकर वाहन में बैठाया गया और अस्पताल ले जाया गया।
भाजपा के इस विरोध प्रदर्शन में पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड को तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने आंसू गैस का सहारा लिया। इसके अलावा, लाठीचार्ज और वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने गार्डरैल्स को उखाड़ने की भी कोशिश की, लेकिन पुलिस ने कड़ा प्रतिरोध किया।
इस दौरान, भाजपा के एक कार्यकर्ता की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। भाजपा का आरोप है कि पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया, जिसके कारण वे घायल हुए। पार्टी के सूत्रों के अनुसार, उत्तर कोलकाता जिला अध्यक्ष तमोघ्न घोष को भी गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिर्बाण गंगोपाध्याय ने आरोप लगाया कि "कोलकाता पुलिस हिटलर की सेना की तरह काम कर रही है। पुलिस ने दावा किया कि उन्होंने लाठीचार्ज नहीं किया, लेकिन हकीकत यह है कि आंसू गैस के गोले छोड़े गए, जो एक अपराध है। पुलिस ने रैली को रणक्षेत्र में बदल दिया, जबकि हम शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे थे।"
भाजपा ने मंगलवार को नवान्न अभियान के बाद लालबाजार घेराव का निर्णय लिया, जहां पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं को रोका और झड़पें हुईं। भाजपा का आरोप है कि पुलिस की इस कार्रवाई के चलते उनके कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं।
लालबाजार अभियान के दौरान भाजपा नेता सुकांत मजूमदार, रुद्रनील घोष, पूर्व सांसद लॉकेट चटर्जी सहित अन्य वरिष्ठ नेता भी शामिल थे। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से इस्तीफे की मांग की और "वी वांट जस्टिस" के नारे लगाए। पुलिस ने उन्हें लालबाजार से कुछ दूर ही रोक दिया, जिसके बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर धरना दिया।
भाजपा ने इस घटना के खिलाफ बुधवार को बंगाल बंद का आह्वान किया है, जिसे लेकर सुकांत मजूमदार ने दावा किया कि यह बंद सफल होगा।