पश्चिम बंगाल सरकार ने यूसीसी मसौदे के अध्ययन के लिए नौ सदस्यीय समिति की अधिसूचित
पूजा के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 200 स्थानों पर पुलिस पिकेट तैनात की जायेगी
कोलकाता। दुर्गा पूजा के दौरान कोलकाता शहर में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। लालबाजार सूत्रों के अनुसार, पूजा के दिनों में शहर के विभिन्न हिस्सों में 10,000 पुलिसकर्मी सुरक्षा की कमान संभालेंगे। इनमें से 36 डिप्टी कमिश्नर रैंक के आधिकारिक निगरानी में होंगे, जिनके अधीन पर्याप्त संख्या में सहायक आयुक्त, निरीक्षक, उप-निरीक्षक, सहायक उप-निरीक्षक और अन्य पुलिस कर्मी होंगे। शहर में 58 स्थानों पर वॉच टावर लगाए जाएंगे, जहां से ड्रोन की मदद से कड़ी निगरानी की जाएगी। हर घाट पर वॉच टावर और आपदा प्रबंधन बल तैनात किये जायेंगे। रिवर ट्राफिक पुलिस जलमार्गों पर गश्त करेगी, जबकि मोटरसाइकिल गश्ती दल शहर के सभी जगहों पर नजऱ रखेंगे। त्वरित प्रतिक्रिया के लिए 16 त्वरित प्रतिक्रिया टीमें होंगी और आपात स्थिति के लिए शहर भर में 30 एम्बुलेंस तैनात की जाएंगी।
पूजा के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 200 स्थानों पर पुलिस पिकेट तैनात की जायेगी। विनर्स और शक्ति टीम जैसे लालबाजार के विशेष बल महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। विभिन्न थाने और ट्रैफिक गार्ड संयुक्त रूप से नाकाबंदी कर तलाशी लेंगे, ताकि अपराध की संभावना को रोका जा सके। खासकर बड़े पंडालों में भीड़भाड़ से अपराध होने का खतरा रहता है। इसलिए सफेद वर्दी में पुलिस शहर में गश्त करेगी। लालबाजार खुफिया विभाग, विशेष शाखा और अन्य शाखाओं के सदस्य सतर्क रहेंगे, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति पर नजर रखेंगे और जरूरत पडऩे पर पूछताछ करेंगे। इस बीच, शहरवासियों की आखिरी समय की खरीदारी चल रही है, नतीजतन धर्मतला, हातीबागान समेत विभिन्न बाजारों में पुलिस अलर्ट पर है।
अगर पूजा के बीच में आंदोलन शुरू हो जाए तो तैयार है पुलिस: सीपी
कोलकाता के पुलिस आयुक्त मनोज वर्मा ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान शहर में कोई अशांति न हो, इसके लिए सभी इंतजाम किये गये हैं, ताकि आम लोग शांतिपूर्ण तरीके से पूजा पंडाल के दर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि अगर कोई परेशानी हो तो हेल्पलाइन पर कॉल कर मदद मांग सकते हैं। उन्होंने कहा कि यातायात समेत सभी क्षेत्रों में उचित कदम उठाये गये हैं। शुक्रवार को कोलकाता के पूजा मानचित्र का लोकार्पण करते हुए सीपी ने कहा कि आखिर पुलिस ने क्या कदम उठाये हैं। चूंकि कोलकाता शहर पिछले 2 महीनों से विरोध प्रदर्शनों और आंदोलनों से गर्म है, इसलिए पुलिस की सक्रियता बढ़ गई है। अगर पूजा के बीच में विरोध आंदोलन शुरू हो गया तो पुलिस क्या करेगी? कमिश्नर मनोज वर्मा ने कहा कि सारी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। उम्मीद है कि पूजा में कोई बाधा नहीं आएगी। गौरतलब है कि शहर में पुलिस द्वारा पूजा की अनुमति की कुल संख्या 1905 है। पूजा यातायात को नियंत्रित करने के लिए सड़कों पर 18 सहायक आयुक्त, 104 इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी, 550 सार्जेंट और सब-इंस्पेक्टर, 3600 कांस्टेबल और 5400 अस्थायी होम गार्ड तैनात किए जाएंगे। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर अतिरिक्त ध्यान दिया जा रहा है। सीपी की अपील, पूजा में शांति बनाये रखने में सभी सहयोग करेंगे।