वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
प्रदर्शन के दौरान कटा यात्री का पैर, फटा महिला जवान का सर
कोलकाता। शुक्रवार सुबह दमदम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जब यात्रियों और आरपीएफ के बीच हुई झड़प ने भयावह रूप ले लिया। इस संघर्ष में एक यात्री का पैर कट गया और एक महिला आरपीएफ कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद स्टेशन परिसर में भारी अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 9 बजे जब डाउन बैरकपुर लोकल ट्रेन स्टेशन पर प्रवेश कर रही थी, तभी कुछ यात्रियों के बीच विवाद शुरू हो गया। स्थिति को संभालने आरपीएफ के कुछ जवान पहुंचे और लोगों को शांत कराने की कोशिश की। लेकिन मामला बिगड़ता चला गया। हंगामे के दौरान एक यात्री और दो आरपीएफ कर्मी प्लेटफॉर्म से फिसलकर सीधे रेलवे ट्रैक पर जा गिरे। तभी ट्रेन वहाँ से गुजऱ गई और यात्री के ऊपर से गुजरने के कारण उसका एक पैर कट गया। वहीं महिला आरपीएफ कर्मी के सिर में गंभीर चोट आई। घायलों की पहचान 58 वर्षीय यात्री जगदीश चंद्र सरकार और 28 वर्षीय आरपीएफ महिला जवान करुणा कुमारी के रूप में हुई है। दोनों को तत्काल आर. जी. कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। स्टेशन के एक दुकानदार अशोक दास ने पूरी घटना अपनी आँखों से देखी।
उन्होंने बताया कि मैंने देखा कि ट्रेन स्टेशन में घुस रही थी, तभी एक यात्री और आरपीएफ कर्मी आपसी झगड़े में ट्रैक पर गिर पड़े। चंद सेकंड में ही ट्रेन ऊपर से निकल गई। आसपास खड़े सभी यात्री सन्न रह गए।
इस दर्दनाक हादसे में हालांकि किसी की मौत नहीं हुई है, लेकिन रेलवे सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रेलवे और आरपीएफ अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दमदम स्टेशन पर हुई यह घटना न केवल रेलवे के सुरक्षा उपायों पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि कैसे मामूली झगड़े भीषण हादसे में तब्दील हो सकते हैं। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे को और सतर्कता बरतनी होगी, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को टाला जा सके।