वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
प्रशासन का कहना है कि तय समय के भीतर काम खत्म कर पुल को जल्द से जल्द खोलने की कोशिश जारी है
कोलकाता। शनिवार सुबह विद्यासागर सेतु पर जाम की स्थिति बन गई। निर्धारित समय के बाद भी पुल नहीं खुलने के कारण वाहन चालकों और ऑफिस जाने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुल के दोनों ओर गाडिय़ों की लंबी कतारें लग गईं, जबकि पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है।
दरअसल, प्रशासन की ओर से पहले ही सूचना जारी की गई थी कि पुल पर केबल लाइन से जुड़ा रखरखाव और मरम्मत कार्य चलने के कारण शनिवार सुबह 9 बजे तक यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। लेकिन सुबह 9 बजे के बाद जब वाहन चालक पुल के रास्ते निकलने लगे, तब भी पुल नहीं खोला गया। इससे सेंट्रल कोलकाता से लेकर हावड़ा तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई और जाम की स्थिति बन गई। ऑफिस समय होने के कारण सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है नौकरीपेशा लोगों को। कई लोग वैकल्पिक रास्तों की तलाश में जुटे, जबकि कई वाहन घंटों तक पुल के मुहाने पर फंसे रहे। कोलकाता पुलिस ने गुरुवार को एक आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर पहले ही बताया था कि सप्ताहांत यानी 11 और 12 अक्टूबर को विद्यासागर सेतु पर मरम्मत कार्य के चलते यातायात आंशिक रूप से बंद रहेगा।
पुलिस की ओर से जारी सूचना के अनुसार शनिवार, 11 अक्टूबर को सुबह 5 बजे से 9 बजे तक पुल पूरी तरह बंद रहेगा जबकि रविवार यानी 12 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक यातायात बंद रहेगा। इस दौरान प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों से वाहन चलाने की व्यवस्था की है। ट्रैफिक पुलिस ने मार्ग परिवर्तन की जानकारी जारी कर दी है ताकि यात्रियों को कम से कम दिक्कत हो। फिलहाल मरम्मत कार्य पूरा होने तक यात्रियों को धैर्य रखने की अपील की गई है। प्रशासन का कहना है कि तय समय के भीतर काम खत्म कर पुल को जल्द से जल्द खोलने की कोशिश जारी है।